बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से लगाया जा रहा 'जय श्री राम' का नारा सत्तारूढ़ टीएमसी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विरोध का बड़ा हथियार बनता जा रहा है। अभी तक ममता के खिलाफ लग रहे इस नारे को अब उनके नेताओं के खिलाफ भी इस्तेमाल किया जा रहा है। 

इस बीच, बंगाल की बैरकपुर लोकसभा सीट से संसद पहुंचे भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने दावा किया है कि 'ममता बनर्जी अपना मानसिक संतुलन खो चुकी हैं।' अर्जुन सिंह ममता के कद्दावर नेता दिनेश त्रिवेदी को बैरकपुर से हराकर लोकसभा पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से ममता को 'जय श्री राम' लिखे दस लाख पोस्ट कार्ड भेजे जा रहे हैं।

समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए अर्जुन सिंह ने ममता को 10 लाख लोगों को गिरफ्तार करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा,' ममता के निर्देश पर बंगाल पुलिस ने 'जय श्री राम' का नारा लगाने वाले दस लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अब भाजपा की ओर से उन्हें जय श्री राम लिखे 10 लाख पोस्ट कार्ड भेजे जा रहे हैं। उन्हें दस लाख लोगों को गिरफ्तार करके दिखाना चाहिए।। लगता है कि ममता अपना मानसिक संतुलन खो बैठी हैं।' 

इस बीच, टीएमसी नेता ज्योतिप्रिया मलिक और तपस राय को भी कांचरापाड़ा इलाके से गुजरते समय इस तरह के नारे सुनने को मिले। राज्य पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं को इस तरह की नारेबाजी करने से रोकने की कोशिश कर रही है। इसे लेकर भाजपा और टीएमसी आमने-सामने आ गए हैं। यह इलाका बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र के तहत आता है। भाजपा नेता अर्जुन सिंह यहां से सांसद हैं। उनके बेटे भी भाटपाड़ा में हुए विधानसभा उपचुनाव में विजयी रहे हैं। यह सीट भी बैरकपुर लोकसभा में आती है। इन नतीजों ने टीएमसी को बड़ा झटका दिया है। इस सीट के लिए हुए चुनाव के दौरान सबसे ज्यादा हिंसा देखने को मिली।

शुक्रवार को बंगाल पुलिस ने 10 लोगों को नारेबाजी करने के आरोप में गिरफ्तार किया। भाजपा का दावा है कि ये लोग 'जय श्री राम' के नारे लगा रहे थे। खास बात यह है कि स्थानीय पुलिस स्टेशन के इंचार्ज को शुक्रवार को ही पद से हटा दिया गया। ममता का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें वह 'जय श्री राम' का नारा लगाने वाले लोगों पर भड़कती नजर आ रही हैं। नारेबाजी से गुस्साई ममता बनर्जी ने पुलिस अधिकारियों ने आदेश दिया कि नारेबाजी करने वालों को पकड़ने के लिए हर घर की तलाशी ली जाए। 

"

ये पहली बार नहीं है जब ममता बनर्जी 'जय श्री राम' का नारा लगाने पर भड़की हैं। इससे पहले, लोकसभा चुनाव के दौरान वह चंद्रकोण में इस तरह के नारे लगाने वालों पर भड़क गई थीं। इसने भाजपा को ममता को 'हिंदू विरोधी' बताने का मौका दे दिया। 

लोकसभा चुनाव के दौरान पीएम मोदी ने भी इस मुद्दे को लेकर ममता बनर्जी पर निशाना साथा था। झारग्राम में एक चुनावी सभा के दौरान पीएम मोदी ने ममता बनर्जी को चुनौती देते हुए कहा था कि वह उन्हें ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने पर गिरफ्तार करके दिखाएं। ममता पर तीखा वार करते हुए पीएम ने कहा था, दीदी इतना बौखला गईं हैं कि इनको भगवान के नाम से भी दिक्कत है। क्या पश्चिम बंगाल में राम नाम लेना गुनाह हो गया है? पीएम ने आरोप लगाया था कि ममता बनर्जी जय श्रीराम का अभिभावदन करने भर से ही लोगों को जेल में डाल दे रही हैं। 

अब बंगाल की मुख्यमंत्री और उनके मंत्री जहां भी जा रहे हैं, उन्हें 'जय श्री राम' के नारे सुनने को मिल रहे हैं। भाजपा 'जय श्री राम' का संदेश लिखे 10 लाख पोस्टकार्ड भी ममता बनर्जी को भेज रही है। भाजपा लोकसभा में मिली कामयाबी से बने माहौल को राज्य की सत्ता हासिल करने का सबसे बढ़िया अवसर मान रही है। उसे अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने का तरीका मिल गया है। भाजपा की नजरें राज्य में 2021 में होने वाले विधानसभा चुनाव पर हैं। पार्टी अभी से इस मिशन में जुट गई है।