नई दिल्ली। केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा गांधी परिवार से एसपीजी की सुरक्षा वापस लेने के बाद कांग्रेस महासचिव और सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा को एक और बड़ा झटका लग सकता है। केन्द्र सरकार प्रियंका गांधी से उन्हें दिया गया सरकारी बंगला खाली करा सकती है। या फिर इस बंगले का बाजार भाव से किराया वसूल सकती है। प्रियंका गांधी वाड्रा को ये बंगला एसपीजी की सुरक्षा मिलने की वजह से मिला हुआ है।

केन्द्र सरकार ने गांधी परिवार की सुरक्षा को मद्देनजर उन्हें जेड प्लस के साथ ही सीआईपीएफ की सुरक्षा देने का फैसला किया है। केन्द्र सरकार ने सुरक्षा की समीक्षा करने के बाद फैसला किया है कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को अब एसपीजी की सुरक्षा नहीं दी जाएगी। क्योंकि इन तीनों को अब खतरा नहीं है। जिसके बाद देश में राजनीति शुरू हो गई है। कांग्रेस ने इसका विरोध जताया है और केन्द्र सरकार पर बदले की कार्यवाही करने का आरोप लगाया है।

हालांकि कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने केन्द्र सरकार के इस फैसले के बाद दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। लेकिन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की एसपीजी सुरक्षा कवर हटाए जाने के बाद उन्हें एक और बड़ा झटका लग सकता है। क्योंकि प्रियंका गांधी को लोधी गार्डेन के पास जो सरकारी बंगला मिला हुआ है। वह एसपीजी की सुरक्षा के कारण सरकार ने दिया है। लेकिन अब जब प्रियंका की एसपीजी हटाई जा रही है तो केन्द्र सरकार उनसे इस बंगले को भी खाली करा सकता  है।

 राहुल गांधी और सोनिया गांधी सांसद हैं। लिहाजा उनसे बंगला खाली नहीं कराया जा सकता है। जबकि प्रियंका गांधी किसी भी सदन की सदस्य नहीं है। जिसके कारण केन्द्र सरकार उनसे बंगला खाली करा सकती है।  माना जा रहा है कि केन्द्र सरकार के नए आदेश के बाद प्रियंका गांधी और उनके पति रॉबर्ड वाड्रा को लोधी एस्टेट स्थित अपना बंगला खाली करना पड़ सकता है। उधर सुरक्षा हटाए जाने के बाद कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह व्यक्तिगत बदले और राजनीतिक प्रतिशोध के कारण कांग्रेस नेताओं से सुरक्षा वापस ले रहे हैं।

कुछ साल पहले केन्द्र सरकार ने प्रियंका गांधी वाड्रा के पति राबर्ट वाड्रा से भी सुरक्षा वापस ले ली थी और उन्हें एयरपोर्ट में मिलने वाली विशेष सुविधा को भी वापस ले लिया था। यही नहीं पिछले दिनों केन्द्र सरकार ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह से भी सुरक्षा को वापस ले लिया था। जिसके बाद कांग्रेस ने केन्द्र सरकार पर तीखा हमला बोला था।