नई दिल्ली। कांग्रेस में सोनिया गांधी को अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है। पार्टी के नेताओं ने सोनिया के अलावा किसी अन्य नेता को पार्टी अध्यक्ष पर अपनी रजामंदी नहीं दी। जिसके बाद सोनिया को कांग्रेस का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया। लेकिन दिलचस्प ये है कि कांग्रेस में बीस महीनों के बाद सोनिया की एंट्री के साथ ही कांग्रेस के मुख्यालय और अन्य दफ्तर में लगे पोस्टरों से राहुल गांधी एक्जिट हो गए हैं। यहां पर अब पोस्टरों में सोनिया गांधी ही नजर आ रही हैं।

कांग्रेस मुख्यालय में लगे पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के पोस्टर्स को हटा दिया गया है। वहीं अब उनके स्थान पर सोनिया गांधी के पोस्टर्स लगाए हैं। दिल्ली की कई सड़कों पर सोनिया ही दिखाई दे रही हैं। लेकिन सभी पोस्टर्स में राहुल गांधी गायब हैं। लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद राहुल गांधी ने इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद पिछले शनिवार की रात को सोनिया गांधी को पार्टी की कांग्रेस कार्यसमिति ने अंतरिम अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया।

हालांकि सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने पहले गांधी परिवार का नया अध्यक्ष न बनाने की शर्त रखी थी। लेकिन दो महीने तक पार्टी ने किसी को इस पद के लिए नियुक्त नहीं किया है।फिलहाल कांग्रेस में फिर से सोनिया गांधी का दौर शुरू हो गया है और दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में सोनिया गांधी के पोस्टर लगाए जा रहे हैं और जबकि यहां से राहुल गांधी के पुराने पोस्टर्स हटाए जा रहे हैं। आज ही सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वाड्रा ने भी सोनिया गांधी को बधाई देते हुए पोस्टर्स दिल्ली में लगाए। हालांकि इस पोस्टर में राबर्ट के साथ ही राहुल गांधी भी दिखाई दे रहे थे।

अभी तक राहुल गांधी के समर्थक अब सोनिया के समर्थन में पोस्टर्स लगा रहे हैं। राहुल गांधी के कमरे से राहुल गांधी की नेम प्लेट हटा दी गई है और सोनिया गांधी की नेम प्लेट लग गई है। वहीं कांग्रेस मुख्यालय परिसर में सोनिया गांधी के बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं। जबकि राहुल गांधी के पोस्टर्स पूरी तरह से कांग्रेस दफ्तर से गायब हैं। गौरतलब है कि सोनिया गांधी 1998 से लेकर 2017 तक पार्टी की अध्यक्ष थी और दिसंबर 2017 राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया था। राहुल इस पद पर महज बीस महीने ही रहे और उसके बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।