नई दिल्ली। पूरी दुनिया में आतंक का पर्याय बन चुके आईएस का प्रमुख अबू बकर अल बगदादी  मारा गया है। उसे अमेरिकी सैनिकों ने मार गिराया। हालांकि कहा जा रहा है कि बगदादी ने खुद को तीन बच्चों के साथ उड़ा दिया है। यही नहीं बगदादी के बाद उसके उत्तराधिकारी को भी अमेरिकी सैनिकों ने मार गिराया है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बगदादी की खबर देने वाले को कितना इनाम मिलेगा। अगर अमेरिका द्वारा रखे इनाम की बात करें तो बगदादी के खबरी को 177 करोड़ का इनाम मिल सकता है। हालांकि इसमें एक बड़ा हिस्सा अमेरिकी सैनिकों को भी मिलेगा।

अमेरिकी सैनिकों और दुनिया के लिए सिरदर्द बने आतंकी संगठन आईएस के प्रमुख बगदादी को मार गिराने में अमेरिकी सैनिकों की मदद एक खबरी ने की। जिसने अमेरिकी सेना को बगदादी के ठिकाने की सही जानकारी दी थी। जिसके कारण सैनिक उस तहखाने में पहुंच सके जहां पर बगदादी और उसके करीबी गार्ड मौजूद थे। यही नहीं अमेरिकी सैनिकों के सामने बगदादी ने अपनी जान की भीख भी मांगी। लेकिन जब उसे लगा कि अमेरिकी सैनिक उसे पकड़ लेंगे तो उसने खुद को अपने तीन बच्चों के साथ उड़ा दिया।

इससे पहले उसने बच्चों को ढाल बनाने की कोशिश की थी। लेकिन नाकाम होने के बाद उसने खुद को उड़ा दिया। माना जा रहा है कि बगदादी पर रखे गए 2.5 करोड़ डॉलर (करीब 177 करोड़ रुपये) इनाम का एक हिस्सा इस खबरी को मिल सकता है। हालांकि इस खबरी के नाम को सार्वजनिक नहीं किया जाएगा। लेकिन ये भी कहा जा रहा है कि बगदादी के मारे जाने के बाद इस इनाम का एक हिस्सा अमेरिकी सैनिकों को भी मिलेगा।

सीरियाई डेमोक्रेटिक फोर्स (एसएफडी) के जनरल मजलोम आब्दी के मुताबिक  तुर्की सीमा पर स्थित इमारत के एक-एक कमरे की विस्तृत जानकारी मुहैया कराई थी। जहां पर बगदादी छिपा हुआ था। खबरी ने ये भी बताया था कि वहां पर कितने गार्ड बगदादी की पहरेदारी कर रहे हैं। हालांकि ये भी कहा जा रहा है कि बगदादी के मृत शरीर की पहचान उसके अंडरवियर से की गई।