पटना। बिहार पुलिस बाहुबली निर्दलीय विधायक अनंत सिंह को खोज रही है। वहीं अनंत सिंह ने तीन दिन के भीतर सरेंडर करने का दावा किया है। वहीं हालात ये हैं कि पुलिस ने अनंत सिंह के खिलाफ मामले तो दर्ज कर लिए हैं। लेकिन उनसे गवाह नहीं मिल रहे हैं। जिसके कारण अगर अनंत सिंह सरेंडर करते हैं तो उसे कोर्ट में साबित करना मुश्किल होगा क्योंकि बगैर गवाह के कोर्ट भी पुलिस की दलील नहीं सुनेगा।

अनंत सिंह के घर पर एके 47 और ग्रेनेड मिलने का दावा बिहार पुलिस कर रही है। लेकिन अनंत सिंह के खौफ के कारण कोई भी मुहं खोलने को तैयार नहीं है। पुलिस की छापेमारी से लेकर प्रतिबंधित हथियार की बरामदगी किसी ने कुछ नहीं देखा।

पुलिस को अपनी कार्रवाई का साक्षी बनाने कोई गवाह नहीं मिल रहा है। अनंत सिंह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के बाद लिखा-पढ़ी में इसका खुलासा हुआ है। अनंत सिंह के घर से अवैध हथियार पकड़े गए हैं और इसका दावा बिहार पुलिस कर रही है। लेकिन इसके कोर्ट में कैसे सिद्ध करेगी ये पुलिस के लिए सिर दर्द बन गया है।

पुलिस ने अपनी एफआईआर में लिखा है कि  मोकाबमा के विधायक के बाढ़ स्थित घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था। घर में ताला बंद रहने के कारण घर की विधिवत तलाशी के लिए एक दंडाधिकारी नियुक्त किया गया। पुलिस को देखकर भीड़ लग गई। पुलिस ने पूछा घर का कोई सदस्य है, तो जवाब मिला-नहीं। गांव वालों बताया सुनील देखभाल करता है। घर की एक चाबी उसके पास रहती है।

पुलिस ने उसे पकड़ लिया और घर का ताला खोलने को कहा। थानाध्यक्ष ने रिपोर्ट में लिखा है कि उनके घर से हैंड ग्रेनेड और एके 47 बरामद होने के बाद भी भीड़ में खड़ा कोई व्यक्ति गवाही देने को तैयार नहीं था। तब जाकर थानेदार ने छापेमारी में शामिल सिपाही अजीत कुमार सिंह, श्रवण कुमार को स्वतंत्र साक्षी बनाया।