छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई स्टील प्लांट में मंगलवार सुबह एक गैस पाइपलाइन में धमाका होने से नौ कर्मचारियों की मौत हो गई। 14 से अधिक कर्मचारी घायल बताए गए हैं। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

जिस प्लांट में यह हादसा हुआ है, वह राजधानी रायपुर से महज 30 किमी की दूरी पर स्थित है। इस प्लांट का संचालन स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा किया जाता है। प्लांट में धमाके के बाद भीषण आग लग गई, जिसे देखते हुए दमकल की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।

"

दुर्ग जिले के पुलिस महानिरीक्षक जी पी सिंह ने बताया कि संयंत्र के कोक ओवन के करीब 25 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे। उसी वक्त सुबह करीब 11 बजे अचानक पाइपलाइन में विस्फोट हो गया। जिससे कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हालात पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

प्लांट के अधिकारियों ने बताया कि संयंत्र में कर्मचारी कोक ओवन के करीब काम कर रहे थे, उसी दौरान पाइपलाइन में विस्फोट हो गया। सूत्रों के मुताबिक हादसे के पीछे सुरक्षा में चूक को एक बड़ी वजह माना जा रहा है, हालांकि अब तक प्रशासन ने इस बारे में कोई बयान नहीं दिया है।