लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए होने वाले मतदान के लिए प्रचार आज शाम को पांच बजे थम जाएगा। देश में चल रहे लोकसभा चुनाव के लिए 18 अप्रैल को मतदान होगा। दूसरे चरण के मतदान में कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर है। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा, द्रमुक नेता दयानिधि मारन, कनिमोई, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजबब्बर, भाजपा की हेमा मालिनी प्रमुख हैं।

दूसरे चरण में 13 राज्यों की 97 सीटों के लिए मतदान होगा। लोकसभा की 543 सीटों के लिए सात चरणों में चुनाव होना है। हालांकि पहले चरण में 20 राज्यों की 91 सीटों पर मतदान हो चुका है। दूसरे चरण में होने वाले मतदान में दक्षिण भारत में अहम माने जाने वाले तमिलनाडु की सभी 39 सीटों पर मतदान होना है जबकि इसके अलावा बिहार की पांच, जम्मू कश्मीर की दो, उत्तर प्रदेश की आठ, कर्नाटक की 14, महाराष्ट्र की 10 और पश्चिम बंगाल की तीन सीटों के लिए मतदान होना है।

यूपी की जिन सीटों पर मतदान होगा इसमें आगरा, मथुरा, नगीना, अमरोहा, बुलंदशहर, अलीगढ, हाथरस और फतेहपुर सीकरी शामिल हैं। वहीं बिहार की किशनगंज, कटिहार, पूर्णियां, भागलपुर और बांका लोकसभा सीट के लिये दूसरे चरण में मतदात होना है। जबकि जम्मू कश्मीर की श्रीनगर और ऊधमपुर सीट के अलावा पश्चिम बंगाल की जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और रायगंज सीट पर भी दूसरे चरण में मतदान होगा। वहीं छत्तीसगढ़ की नक्सल प्रभावित कुछ सीटों पर सुबह सात बजे से दिन में तीन बजे तक और ओडिशा की कुछ सीटों पर सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। 

असल में दूसरे चरण में चुनाव वाली 97 सीटों पर कुल 1635 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा, द्रमुक नेता दयानिधि मारन, कनिमोई, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजबब्बर, भाजपा की हेमा मालिनी और बसपा के दानिश अली शामिल हैं। आज शाम खत्म होने वाले प्रचार के लिए राजनैतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है।