सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने 12वीं के नतीजे जारी कर दिए हैं। सभी जोन का रिजल्ट एक साथ जारी किया गया है। 12वीं में हंसिका शुक्ला और करिश्मा अरोड़ा ने टॉप किया। दोनों छात्राओं को 500 में से 499 नंबर मिले हैं। हंसिका डीपीएस गाजियाबाद की छात्रा हैं। वहीं करिश्मा मुजफ्फरनगर के एसडी स्कूल में पढ़ती हैं।

दूसरे नंबर पर भी संयुक्त रूप से तीन छात्राएं हैं। ऋषिकेश की गौरांगी चावला, रायबरेली की ऐश्वर्या और हरियाणा के जींद की भव्या संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रही हैं। इन सभी को 500 में से 498 अंक मिले हैं। तीसरे पायदान पर 18 संयुक्त टॉपर हैं। इनमें 11 लड़कियां हैं।  लखनऊ की आयुषी उपाध्याय, दिल्ली की महक तलवार, सोलन हिमाचल से पार्थ सैनी, नई दिल्ली से विराज जिंदल शामिल हैं। इन सभी को 500 में से 497 अंक मिले हैं। 

सीबीएसई की चेयरमैन अनिता ने बताया कि 12वीं की परीक्षा में इस बार कुल 83.4 फीसदी छात्र पास हुए हैं।  88.7% लड़कियां, 79.5% प्रतिशत लड़के और 83.3% ट्रांसजेंडर पास हुए हैं। इस बार 10 रीजन में सीबीएसई की परीक्षाएं हुई थीं। इनमें त्रिवेंद्रम (98.2 प्रतिशत) टॉप पर रहा। चेन्नई (92.3 प्रतिशत) दूसरे नंबर जबकि दिल्ली रीजन 91.78 प्रतिशत पास के साथ तीसरे नंबर पर रहा। केंद्रीय विद्यालय का रिजल्ट 98.54 फीसदी रहा है। दूसरे नंबर पर जवाहर नवोदय विद्यालय का रिजल्ट रहा है। लड़कों के मुकाबले नौ फीसदी ज्यादा लड़कियां पास हुई हैं। 

पहले खबर थी कि सीबीएसई के नतीजे 10 मई तक आएंगे। पिछली बार 10वीं का रिजल्ट 26 मईं और 12वीं का रिजल्ट 29 मई को जारी किया गया था। लोकसभा चुनाव के कारण इस बार सीबीएसई की परीक्षाएं जल्दी हुई थीं। कॉपियों के मूल्यांकन की प्रक्रिया को 15 अप्रैल तक खत्म कर लिया गया था। 

हसिंका शुक्ला ने बिना कोचिंग के किया टॉप

हंसिका शुक्ला को साइकोलॉजी, इतिहास, म्यूजिक वोकल और पॉलिटिकल साइंस में 100 में 100 नंबर मिले हैं। वहीं अंग्रेजी में 99 नंबर आए हैं। हंसिका ने पढ़ाई के लिए कोई कोचिंग नहीं ली। 

सीबीएसई 12वीं के नतीजे cbse.nic.in, cbseresults.nic.in और results.nic.in. पर देखें जा सकते हैं।