यूपीए सरकार में ग्रामीण विकास एवं परिवहन समेत अहम मंत्रालय संभाल चुके और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले सीपी जोशी ने हिंदू धर्म तथा जाति पर एक विवादित बयान देकर सियासी बखेड़ा खड़ा कर दिया है। 

राजस्थान में अपने विधानसभा क्षेत्र नाथद्वारा में एक सभा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री उमा भारती की जाति और धर्म पर सवाल खड़े कर दिया। उन्होंने यहां तक कह दिया कि उमा भारती लोधी समाज से आती है, वे हिंदुत्व पर बात करने वाले कौन होते हैं? 

जोशी ने सभा के दौरान कहा, 'उमा भारतीजी की जाति मालूम है किसी को? ऋतंभरा की जाति क्या किसी को मालूम है? इस देश में धर्म के बारे में कोई जानता है तो पंडित जानते हैं। अजीब देश हो गया। इस देश में उमा भारती लोधी समाज की हैं, वह हिंदू धर्म की बात कर रही हैं। साध्वीजी किस धर्म की हैं? वह हिंदू धर्म की बात कर रही हैं। नरेंद्र मोदीजी किसी धर्म के हैं, हिन्दू धर्म की बात कर रहे हैं। 50 साल में इनकी अक्ल बाहर निकल गई।' 

देखिये क्या कहा है सीपी जोशी ने...

"

साभार - न्यूजरूम पोस्ट

एक दिन पहले उन्होंने कहा था कि भाजपा राम मंदिर का निर्माण नहीं करा सकती। राम मंदिर कांग्रेस ही बनवाएगी। कांग्रेस का प्रधानमंत्री ही राम मंदिर बनवाएगा। वर्ष 1985 में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने ही उस विवादित परिसर का ताला खुलवाया था, जहां राम मंदिर है। उन्होंने आरोप लगाया था कि भाजपा मंदिर के नाम पर केवल वोट लेने की बात कह सकती है। हम आज कह रहे हैं टाइटल का फैसला होने दीजिए, सिविल सूट का मामला चल रहा है। वकील पढ़े-लिखे हैं। जब तक सिविल सूट का फैसला सुप्रीम कोर्ट से नहीं हो तब तक प्रधानमंत्री क्या कर सकते हैं?