बुलंदशहर: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी कांग्रेस में जान फूंकने लिए तरह तरह के प्रयोग कर रही हैं। प्रियंका गांधी की पहल पर ही कॉंग्रेस युवा तबके में पैठ बनाने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी की 75वी जयंती पर राजीव गांधी सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन करेगी। बुलंदशहर में कक्षा 08 से कक्षा 12 तक के करीब 4000 स्टूडेंट्स को परीक्षा में शामिल करने का लक्ष्य आला कमान ने रखा है। 

परीक्षा में सर्वाधिक अंक हासिल करने वाले 60 छात्र छात्राओं को न सिर्फ  लेपटॉप, टेबलेट, साइकिल और घड़ी जैसे पुरस्कार दिए जाएंगे, बल्कि मेधावी स्टूडेंट्स का सम्मान भी कांग्रेस करेगी। बाकायदा  सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्कूलों में आवेदन फार्मों का वितरण शुरू कर दिया है। प्रतियोगिता में राजीव गांधी के कार्यकाल से जुड़े 60 प्रश्न पूछे जाएंगे। एक सितंबर को बुलंदशहर जिला मुख्यालय पर परीक्षा होनी है, सुबह 11 बजे शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता में परीक्षार्थी को अपने अपने स्कूल का आईकार्ड साथ लाना होगा। बिना आईकार्ड परीक्षा में किसी भी छात्र छात्राओं को नहीं बैठने दिया जाएगा। 

कार्यक्रम प्रभारी योगेश तालान ने बताया कि, बताया गया है कि परीक्षा यूपी के हर एक जनपद में होगी। हर जनपद के लिए 60-60 पुरस्कार निर्धारित किये गए हैं।