मुंबई। पहले आर्थिक राजधानी मुंबई में बारिश ने कहर बरपाया और अब मौसम के निशाने पर पुणे आ गया है। पुणे में लगातार हो रही बारिश के कारण 12 लोगों की मौत हो गई है और जबकि कई लोग लापता हैं। वहीं राज्य के कई हिस्सों में कई घंटों से लगातार बारिश जारी है। जिसके कारण जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है।

महाराष्ट्र में मानसून ने तबाही मचाई हुई है। राज्य के कई जिलों में पिछले दिनों बाढ़ के कारण कई लोगों की मौत हुई और अरबों का नुकसान हुआ है। राज्य में सांगली अहमदनगर समेत कई जिलों में बारिश ने कई दिनों तक तांडव किया और राज्य में कई जिले बाढ़ की चपेट में आ गए थे। लोगों को बचाने के लिए सेना की मदद ली गई थी। हालांकि इन जिलों में अब हालत सामान्य हैं। लेकिन अब बारिश का कहर पुणे में दिख रहा है।

यहां पर पिछले चौबीस घंटों से लगातार पानी बरस रहा है। जिसके कारण अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कई लोगों के लापता होने की भी खबर आ रही है। बारिश के कारण जनजीवन अस्तव्यस्त है और सरकार ने स्कूलों को बंद कर दिया है। बारिश के कहर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई लोग अपनी गाड़ियों में ही इसके चपेट में आ गए थे।

एनडीआरएफ की टीम ने पुणे में एक कार से बाढ़ की चपेट में आए एक शख्स की लाश को निकाला। तेज बारिश के कारण आई बाढ़ के कारण कार तेज बहाव में बह गई थी। जिस में से एक व्यक्ति की लाश को निकाला गया है।

वहीं लोगों का कहना है कि अभी तक कई लोग गायब हैं। जिनके लिए एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पिछले डेढ़ महीने में राज्य के कई जिले बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। जिसमें कई लोगों की मौत हो गई है। वहीं राज्य में बाढ़ के कारण कई लोगों को अपना घर छोड़कर जाना पड़ा  है।