पुडुचेरी--सरकारी कार्यक्रम के दौरान पुदुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी और अन्नाद्रमुक के विधायक के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। दोनों के बीच बहस भाषण के समय को लेकर हुई। दरअसल एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान जब अन्नाद्रमुक के विधायक ए. अनबलगन भाषण के दौरान दिए गए समय से ज्यादा देर तक भाषण देने लगे तो किरण बेदी ने उनका समय कम करने को कहा। इसके बाद दोनों में तीखी नोकझोंक हो गई। 

इस घटना के बाद किरण बेदी ने अनबलगन पर अक्खड़ होने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह पहले भी इस तरह का व्यवहार कर चुके हैं। वहीं कार्यक्रम से तुरंत चले गए विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष वी. वैतिलिंगम से भेंट कर घटना के बारे में बताया। 

व्हाट्एऐप पर भेजे गए एक संदेश में बेदी ने कहा, वह तय समय सीमा से आगे और आगे बढ़ते चले गए, जबकि आगे कार्यक्रम बहुत लंबा था। उन्होंने रूकने के अनुरोध को खारिज कर दिया और अक्खड़ बने रहे।

संवाददाताओं से बातचीत के दौरान विधायक ने दावा किया कि उनका अपमान किया गया है। बेदी की आलोचना करते हुए विधायक ने सवाल किया, ‘‘क्या उपराज्यपाल पुडुचेरी की राजकुमारी हैं?’’ 

पुडुचेरी को खुले में शौच से मुक्त घोषित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह घटना कई मंत्रियों की मौजूदगी में हुई। बेदी इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थीं।

इस कार्यक्रम को मुख्यमंत्री वी. नारायण स्वामी भी संबोधित करने वाले थे, लेकिन उनकी अनुपस्थिति ने अटकलों को हवा दे दी। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि वह शहर से बाहर गए हुए हैं।