दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में सत्तासीन केजरीवाल सरकार ने निचली अदालतों के लिए 69 नए वकीलों की नियुक्ति की है। दिल्ली के कानून मंत्री कैलाश गहलोत ने इसके लिए मंजूरी दे दी है। इस मंजूरी मिलने के बाद विधि न्याय एवं विधायी मामलों के विभाग ने वकीलों की सूची एक अधिसूचना के जरिए जारी कर दी है। 

विधि न्याय एवं विधायी मामलों की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक नीरज अग्रवाल, बिंदिया सावरा, प्रत्यक्ष गुप्ता, मृदुल जैन, अजय शर्मा, धीरज कुमार सिंह, रोहित बंसल, अपूर्व गुप्ता, मुकेश आनंद और फिरदौस कुतुब वाणी सहित 69 वकीलों को जिला अदालतों के लिए सरकार ने नियुक्त किया है। 

अधिसूचना में कहा गया है कि ये नियुक्ति ऐसे नियमों और शर्तों के अधीन होंगी जो समय-समय पर बदली जा सकेगी। अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि ये अधिसूचना तत्काल प्रभाव से लागू होगी और अगले आदेश आने तक लागू रहेगी। 

साल 2018 में उपराज्यपाल अनिल बैजल ने दिल्ली हाइकोर्ट में दिल्ली सरकार का प्रतिनिधित्व करने के लिए नियुक्त 14 वकीलों के एक पैनल को अमान्य घोषित कर दिया था। दिल्ली में कुल सात जिला अदालत है। अब दिल्ली सरकार द्वारा नियुक्त सभी 69 वकील इन सातो न्यायालयों में अपना पक्ष रखेंगे।