पीलीभीत। भाजपा की फायर ब्रांड नेता साध्वी प्राची हमेशा ही अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहती है। हिन्दू धर्म और सनातन को लेकर कई बार उनके तीखे बयानों ने सुर्खियां बटोरी हैं। अब एक बार फिर साध्वी प्राची ने अपने बयान में मुस्लिम लड़कियों को हिन्दू लड़कों से विवाह करने की सलाह दे डाली है। यह भी कहा कि तलाक या हलाला से डर लगता है तो उनका हिन्दू समाज में स्वागत है।

साध्वी प्राची बोलीं-हिन्दू समाज में मुस्लिम लड़कियों का स्वागत
हाल में कई ऐसे मामले सामने आए हैं जिसमें मुसलिम लड़कियों ने हिन्दू लड़कों का हाथ थामा है। पाकिस्तान से आई सीमा हैदर का मामला तो काफी चर्चा में रहा है। ऐसे में भाजपा की तेजतर्रार नेता साध्वी प्राची ने कहा है कि मुस्लिम लड़कियां हिन्दू लड़कों से शादी करें। हिन्दू धर्म में न तो हलाला का रिवाज है और न ही तीन तलाक का खतरा। हिन्दुओं में तो सात फेरों का बंधन होता है जो सात जन्मों के लिए होता है। किसी को हलाला या तीन तलाक की चिंता सता रही है तो हिन्दू समाज में उनका मोस्ट वेलकम है। 
2024 को लेकर भी प्राची की भविष्यवाणी   
साध्वी प्राची ने कहा कि भारत को प्रधानमंत्री मोदी ने जिस शिखर पर पहुंचाया है उसका सपना जनता कब से देख रही थी। पीएम ने विश्व पटल पर भारत की अलग छवि प्रदर्शित की है। उन्हें जनता का प्यार मिल रहा है और 2024 में भी पीएम मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने संसद में हुई घटना पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है।