लोकसभा चुनाव से पहले दोनों राष्ट्रीय दलों ने अपना-अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। भाजपा का घोषणापत्र 48 पेज का है, जबकि कांग्रेस का घोषणापत्र 55 पेज का है। भाजपा के घोषणापत्र में जहां विकास, किसान, इंफ्रास्ट्रक्टर, तकनीक जैसे शब्दों को तरजीह दी है, वहीं कांग्रेस ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे शब्दों का ज्यादा प्रयोग किया है। खास बात यह है कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में एक भी बार राम मंदिर और हिंदू शब्द का इस्तेमाल नहीं किया। वहीं भाजपा ने राम मंदिर, हिंदू और मुस्लिम तीनों शब्दों का जिक्र किया है। 

दोनों दलों के घोषणापत्र में नजर डालें तो भाजपा के घोषणा पत्र में सबसे ज्यादा नेशन यानी राष्ट्र शब्द का इस्तेमाल हुआ है। इससे पूरे संकल्प पत्र में 118 बार इस्तेमाल किया गया है। वहीं कांग्रेस ने इस शब्द को 96 बार इस्तेमाल किया है। वहीं विकास यानी डेवलपमेंट शब्द पर भाजपा ने सबसे ज्यादा जोर दिया है। इसे 80 बार इस्तेमाल किया गया है, वहीं कांग्रेस के घोषणापत्र में इस शब्द का जिक्र 24 बार है। सुरक्षा जैसे शब्द को लगभग दोनों ने ही बराबर इस्तेमाल किया है। किसान शब्द के इस्तेमाल में भाजपा को कांग्रेस पर बढ़त हासिल है। भाजपा ने जहां इसे 41 बार वहीं कांग्रेस ने 35 बार इस्तेमाल किया है। शिक्षा का जिक्र कांग्रेस के घोषणापत्र में 62 बार जबकि भाजपा के संकल्प पत्र में 41 बार आया है। 

भाजपा ने इंफ्रास्ट्रक्चर शब्द को 38 बार जबकि कांग्रेस ने 22 बार इस्तेमाल किया है। वहीं स्वास्थ्य जैसे शब्द पर कांग्रेस ने ज्यादा जोर दिया है। कांग्रेस के घोषणापत्र में इसका 47 बार इस्तेमाल किया है। भाजपा के संकल्प पत्र में इस शब्द का जिक्र 29  बार आता है। इसी तरह तकनीक शब्द को भाजपा ने 29 और कांग्रेस ने 25, एग्रीकल्चर को भाजपा ने 12 और कांग्रेस ने 19 बार इस्तेमाल किया। 

भाजपा के संकल्प पत्र में युवाओं का जिक्र ज्यादा, कांग्रेस ने रोजगार का किया इस्तेमाल

जहां तक युवाओं की बात है तो कांग्रेस ने महज छह बार इस शब्द का जिक्र किया है। वहीं भाजपा के संकल्प  पत्र में यह शब्द 20 बार आया है। इकोनॉमी शब्द कांग्रेस ने 32, भाजपा ने 23 बार इस्तेमाल किया। इसी तरह रिफॉर्म शब्द का इस्तेमाल कांग्रेस ने 11, भाजपा ने 15 बार किया। रोजगार और नौकरियों जैसे मुद्दे पर भाजपा को घेरने वाली कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में इस शब्द को 61 बार इस्तेमाल किया है। वहीं भाजपा के संकल्प पत्र में यह शब्द कुल 24 बार आया है। 

विज्ञान जैसे शब्दों को कांग्रेस और भाजपा ने कम इस्तेमाल किया है। कांग्रेस ने जहां 13 वहीं भाजपा ने इसका 8 बार इस्तेमाल किया। राम मंदिर और हिंदू जैसे शब्दों का जिक्र कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में एक भी बार नहीं किया है। 

राम मंदिर और हिंदू शब्द का कांग्रेस ने नहीं किया जिक्र, मुस्लिम शब्द से भी बचती दिखी 

वहीं भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में राम मंदिर का जिक्र 3, हिंदू का एक और मुस्लिम शब्द का जिक्र दो बार किया है। खास बात यह है कि कांग्रेस ने मुस्लिम शब्द से परहेज रखा और महज एक बार ही इसका इस्तेमाल किया। वह भी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के जिक्र में आया है। आतंकवाद जैसे मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए भाजपा ने 14 बार इसका इस्तेमाल किया। कांग्रेस के संकल्प पत्र में यह 10 बार आया है।