सूरत। कुछ दिनों पहले अपने बच्चों की शादी से पहले भागने वाले समधी और समधन एक बार फिर गायब हो गए हैं। दुल्हन की मां और दुल्हे का पिता कुछ समय पहले घर वापस आ गए थे। हालांकि इसके बाद दुल्हा और दुल्हन के बीच शादी रद्द हो गई थी। लेकिन ये प्रेमी जोड़ा एक बार फिर अपने घर से गायब है।

जानकारी के मुताबिक  46 वर्षीय हिम्मत पांडव और नवसारी की 43 वर्षीय शोभना रावल उस वक्त चर्चा में आए थे जब ये दोनों अपने बच्चों की शादी से पहले गायब हो गए थे।  शोभना की बेटी की शादी हिम्मत के बेटे  से तय हुई थी। लेकिन हिम्मत और शोभना शादी के ठीक महीने पहले घर से भाग गए थे। इसके बाद इनके परिवारों ने बच्चों की शादी को रद्द कर दिया था। हालांकि पिछली बार दोनों के परिवारों ने इनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। लेकिन इस बार दोनों परिवारों ने इन दोनों के बारे में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

जानकारी के मुताबिक हिम्मत पांडव और शोभना रावल ने शनिवार को घर छोड़ दिया और दोनों ही शहर में कही किराये का मकान लेकर रह रहे हैं। हिम्मत पांडव सूरत के कटारगाम क्षेत्र का निवासी है जबकि शोभना रावल नवसारी जिले के विजलपुर शहर की रहने वाली है। फिलहाल इन दोनों के लिए सूरत और नवसारी में पुलिस से शिकायतें दर्ज की गईं। असल में जब दोनों प्रेमी जोड़े पहली बार लापता हुए थे तो दोनों की इस इलाके में चर्चा हुई थी।

कहा जा रहा है कि जब शोभना जनवरी में घर लौटी थी तो उसके पति ने उसे घर में रखने से मना कर दिया था और इसके बाद वह अपने मायके चली गई थी। लेकिन उसके बाद भी उसका हिम्मत से संपर्क रहा। लेकिन अब दोनों ही घर से फरार हो गए हैं। शोभना और हिम्मत के घर से भागने के बाद इनके परिवारों ने लड़के और लड़की का विवाह करने से मना कर दिया था। कहा जा रहा है कि दोनों एक दूसरे को बचपन से ही जानते थे और दोनों में जवानी के दिनों से ही प्यार था। जिसके बाद दुल्हे का पिता दुल्हन की मां को लेकर फरार हो गया है।