देश में चल रहे लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए वोट सोमवार को डाले जाएंगे। इसमें नौ राज्यों की 71 सीटों पर मतदान होगा। चौथे चरण में दो पूर्व मुख्यमंत्री और एक वर्तमान मुख्यमंत्री के साथ ही कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। सोमवार को लोकसभा के चौथे चरण के मतदान के साथ ही ओडिशा विधानसभा की 42 सीटों पर मतदान होगा।

चौथे चरण में लोकसभा की 71 सीटों पर मतदान होगा। हालांकि अनंतनाग सीट के तहत पुलवामा जिले में वोट डाले जाएंगे। इस लिहाज से इस चरण में 72 सीटों पर जनता द्वारा अपना मताधिकार का प्रयोग किया जाएगा। चौथे चरण में महाराष्ट्र की 17, राजस्थान और उत्तर प्रदेश की 13-13, पश्चिम बंगाल की आठ, ओडिशा और मध्य प्रदेश की छह-छह, बिहार की पांच और झारखंड की तीन सीटों पर मतदान होना है।

इस चरण के समाप्त होने के साथ ही महाराष्ट्र की सभी 48 और ओडिशा की सभी 21 लोकसभा सीटों पर मतदान समाप्त हो जाएगा। चौथे चरण के मतदान में राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। क्योंकि जोधपुर से अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत चुनाव लड़ रहे है तो झालावाड़-वारन से वसुंधरा के बेटे दुष्यंत चुनाव मैदान में हैं।

वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव कन्नौज से चुनाव मैदान दूसरी बार अपनी किस्मत आजमा रही हैं। चौथे चरण में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बिहार की बेगूसराय सीट से, गजेंद्र सिंह शेखावत राजस्थान की जोधपुर सीट से, एसएस अहलूवालिया पश्चिम बंगाल की बर्धमान-दुर्गापुर सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

वहीं राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के उपेंद्र कुशवाहा बिहार के उजियारपुर से, , कांग्रेस से उर्मिला मातोंडकर मुंबई उत्तरी, संजय निरुपम की मुंबई उत्तर-पश्चिम से और प्रिया दत्त मुंबई की उत्तर-मध्य से तथा भाजपा के बाबुल सुप्रियो पश्चिम बंगाल के आसनसोल से चुनावी मैदान में हैं। बहरहाल लोकसभा चुनाव के चौथे चरण और ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए 27 अप्रैल की शाम पांच बजे चुनाव प्रचार खत्म हो गया है। जानकारी के मुताबिक चौथे चरण में 961 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला जनता करेगी।