नोटबंदी के दो साल होने के बाद कांग्रेस में हलबली मच गई है और नोटबंदी के खिलाफ नारेबाजी भी की जा रही है, लेकिन विरोध प्रदर्शन के बीच ऊना में कांग्रेस की गुटबाजी में कार्यकर्ताओं ने ‘मोदी जिंदाबाद’ का ही नारा लगा दिया। 

रैली में पार्टी के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी और कार्यकारी जिलाध्यक्ष विवेक शर्मा भी शामिल थे और इस बीच दोनों की तनातनी खुलकर सामने आई। 

बता दें कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के लिए रैली में भीड़ जुटाने भी भारी पड़ गया। जब रैली में भीड़ नहीं जुटा पाई तो दोनों कांग्रेस जिलाध्यक्ष एक दूसरे पर जिम्मेदारी पूरी न करने का आरोप लगाते रहे। 

जिलाध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी ने पत्रकार वार्ता कर नोटबंदी का विरोध जताया तो वहीं दूसरी ओर कार्यकारी जिलाध्यक्ष विवेक शर्मा रैली में तय समय से दो घंटे देरी से पहुंचे और चंद कार्यकर्ताओं के साथ ही रोष रैली निकाली।

इस दौरान रोष रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जुबान फिसली और नरेंद्र मोदी जिंदाबाद का नारा लगा दिया। विवेक शर्मा ने विश्राम गृह से 10 बजे रोष रैली निकालने का दावा किया था। लेकिन वह खुद दो घंटे देर से पहुंचे।