चंडीगढ़। हरियाणा में होने वाले विधानसभा की 90 विधानसभा सीटों में से 78 सीटों पर आज भाजपा ने अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने राज्य में आधा दर्जन खिलाड़ियों को टिकट देकर कांग्रेस को  राज्य के सियासी दंगल में पहले ही चित कर दिया है। वहीं राज्य के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने उनके खिलाफ मोर्चा खोलने वाले छह विधायकों को चुनाव से बाहर कर दिया है।

आज भाजपा ने राज्य की 78 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है। सीएम मनोहर लाल खट्टर इस बार भी करनाल से चुनाव लड़ेगे और वहीं ओलंपिक मेडलिस्ट पहलवान योगेश्वर दत्त को भाजपा ने बरोदा सीट से टिकट दिया है। वहीं आज की सूची में प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला और प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री अनिल विज, कैप्टन अभिमन्यु का नाम भी शामिल किया है। वहीं पार्टी ने 7 मौजूदा विधायकों और दो मंत्रियों के टिकट काटे हैं। ये विधायक मनोहर लाल खट्टर के खिलाफ मोर्चा खोले हुए थे।

लिहाजा पहले से ही माना जा रहा था कि इन विधायकों का टिकट काटा जाएगा। आज भाजपा ने हॉकी चैंपियन सरदार संदीप सिंह, रेसलर योगेश्वर दत्त और महिला पहलवान बबीता फोगाट को टिकट दिया है। वहीं 9 महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा ने फरीदाबाद से विधायक और मंत्री विपुल गोयल, बादशाहपुर के विधायक और मंत्री राव नरबीर, अटेली की विधायक श्रीमती संतोष यादव, मुलाना से विधायक संतोष सारवान, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, पटौदी की विधायक श्रीमती विमला चौधरी और रादौर के विधायक श्याम सिंह राणा का टिकट काटा है।

विपुल गोयल  की केन्द्रीय कृण्णपाल गुर्जर के साथ  पुरानी  दुश्मनी है और जो अकसर कई  मंचों पर दिख जाती थी। लिहाजा पार्टी ने गोयल का टिकट काटकर गुर्जर गुट को तवज्जो दी है। भाजपा ने पिछले दिनों पार्टी में शामिल होने वाली महिला रेसलर बबिता फोगाट को दादरी सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। हालांकि इस बात की पहले से ही संभावना थी कि बबिता को पार्टी दादरी से टिकट देगी।