चंडीगढ़। क्या पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिहं की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार गिरने वाली है। अगर आम  आदमी पार्टी के नेता के दावा पर विश्वास किया जाए तो राज्य में कांग्रेस के 40 विधायक कांग्रेस से अलविदा कहने की तैयारी में हैं और इससे राज्य मे कांग्रेस की सरकार गिर सकती है। हालांकि आप विधायक के दावे पर थोड़ा विश्वास किया जा सकता है कि क्योंकि कांग्रेस के विधायक नवजोत सिंह सिद्धू पार्टी और कैप्टन से नाराज चल रहे हैं।

असल में इस खबर पर कांग्रेस और आप की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन आम आदमी पार्टी विधायक अमन अरोड़ा का दावा है कि राज्य में कांग्रेस के 40 विधायक पार्टी से बगावत करने की तैयारी में हैं और वह सरकार और पार्टी से नाराज चल रहे हैं। अरोड़ा का दावा है कि ये विधायक नाराज चल रहे नवजोत सिंह सिद्धू के साथ पार्टी से अलविदा कह सकते हैं।  अगर ऐसा होता है तो राज्य में कांग्रेस सरकार अल्पमत में आ जाएगी।

गौरतलब है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के गृह जिले के चार विधायकों ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। जिसके बाद राज्य में सियायत गर्मा गई है। लिहाजा बागी कांग्रेस विधायकों के आरोपों को देखते हुए आम आदमी पार्टी ने भी सियासी दांव चल दिया है। हालांकि कुछ लोगों का मानना है कि इसके पीछे नाराज सिद्धू का हाथ है। लेकिन कोई भी खुलेतौर पर बोल नहीं रहा है। असल में लोकसभा चुनाव से पहले आप ने कांग्रेस नेता को ऑफर दिया था।

जिसके तहत राज्य की कमान उनको देने की बात कही गई थी। लेकिन सिद्धू ने उस वक्त कोई फैसला नहीं किया। लेकिन अब कैप्टन और पार्टी से नाराज चल रहे सिद्धू इस बारे में फैसला कर सकते हैं। पिछले दिनों ही सिद्धू की पत्नी ने पार्टी से अलविदा कह दिया था। गौरतलब है कि राज्य में आप के 19 विधायक हैं।