लखनऊ। कांग्रेस की महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश की सियासत में पूरी तरह से उतरने की तैयारी कर ली है। प्रियंका अब यूपी की सियासत उस बंगले से करेंगी जहां कभी महात्मा गांधी ने बगरद का पौधा रोपा था। फिलहाल प्रियंका ने लखनऊ में एक बंगला पसंद किया है। जो कांग्रेस नेता शीला कौल का है। लिहाजा अब यूपी में कांग्रेस की राजनीति इसी बंगले से नए तेवर और नए कलेवर में होगी।

प्रियंका गांधी यूपी में अपनी नई सियासी पारी की शुरूआत कर रही है। इसके लिए यूपी की राजधानी लखनऊ में प्रियंका ने एक बंगला पसंद किया है। जहां पर वह ज्यादा समय वह प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहेंगी। दो दिन पहले ही प्रियंका ने अपने करीबी विधायक अजय कुमार लल्लू को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी है। प्रियंका ने कई नेताओं की दावेदारी को दरकिनार कर लल्लू को प्रदेश की कमान सौंपी है।

वहीं अब विधानमंडल की कमान यूपी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी की बेटी आराधना मिश्रा के हाथ में रहेगी। वहीं प्रियंका ने 2022 के विधानसभा चुनान को देखते हुए यूपी की राजधानी को अपना ठिकाना बनाने का फैसला किया है और इसके तहत प्रियंका गांधी ने कांग्रेस नेता शीला कौल के खाली पड़े बंगले को अपना आशियाना बनाया है। इस बंगले का महात्मा गांधी से भी रिश्ता रहा है। इस बंगले में कभी महात्मा गांधी ने बरगद का पौधा लगाया था। जो अब बहुत बड़ा हो गया है। ये बंलगा लखनऊ शहर के पॉश माने जाने वाले गोखले मार्ग में स्थित है।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनावों के दौरान प्रियंका ने पूर्वांचल में गंगा यात्रा की शुरूआत की थी। हालांकि लोकसभा चुनाव में इसका कांग्रेस को कोई फायदा नहीं मिला। लेकिन अब कांग्रेस के पुराने कार्यकर्ताओं और नेताओं को आशा है कि प्रियंका के यूपी में सक्रिय होने से पार्टी की स्थिति में सुधार जरूर होगा। आमतौर पर जब प्रियंका लखनऊ आती हैं तो वह ताज होटल में रुकती हैं। जिसके कारण उनकी ज्यादा कार्यकर्ताओं से मुलाकात नहीं हो पाती है।

लिहाजा प्रियंका ने लखनऊ में ही आशियाना बनाने का फैसला किया है। शीला कौल का गांधी परिवार से रिश्ता है। वह जवाहर लाल नेहरू की रिश्तेदार है। फिलहाल ये बंगला खाली है क्योंकि पूर्व केंद्रीय मंत्री शीला कौल का परिवार बाहर रहता है और बंगला बंद पड़ा था. दो मंजिल का यह बंगला एक काफी चौड़ी रिहायशी सड़क पर है।