सीमा पर लगातार पाकिस्तान द्वारा सीज फायर का उल्लंघन करने के बाद भारतीय सेना की जवाबी कार्यवाही में पाकिस्तान को बड़ा नुकसान पहुंचा है। पाकिस्तान की सात चौकियां तबाह हो गयी हैं और उसके कई सैनिकों के मारे जाने की खबर है। पाकिस्तान सीमा पर लगातार सीज फायर का उल्लंखन कर रहा है।

भारतीय वायुसेना द्वारा पाकिस्तान में घुसकर एयर स्ट्राइक करने के बाद पाकिस्तान ने सीमा पर फायरिंग तेज कर दी थी और वह पिछले कई दिनों से सीज फायर का उल्लंघन कर रहा है। हालांकि पाकिस्तानी फायरिंग का भारतीय सेना भी जवाब दे रही थी, लेकिन मंगलवार को पाकिस्तानी सेना को बड़ा नुकसान पहुंचा है। भारतीय सेना की जवाबी कार्यवाही में पाकिस्तान सेना के सात से ज्यादा चौकियां पूरी तरह से तबाह हुई हैं और इसमें उसके कई सैनिकों के मारे जाने की खबर है।

असल में पाकिस्तानी सेना ने लगातार पांचवें दिन पुंछ औैर राजौरी जिलों में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष-विराम का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी में आठ भारतीय घायल हुए हैं। इसके बाद भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया है। नियंत्रण रेखा पर रावलकोट और राखचिकरी सेक्टरों में पाकिस्तानी सेना की सात चौकियां पूरी तरह से ध्वस्त हो गयी हैं और इनमें कई पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं। रक्षा प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि की है। वहीं पाकिस्तानी सेना ने भी माना कि उसके तीन सैनिकों की मौत हुई है। पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग ने बयान में कहा कि भारतीय सेना के हमले में तीन जवान कुर्बान हुए हैं। एक जवान घायल है।

गौरतलब है कि पुलवामा आंतकी हमले के बाद भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान में घुसकर एयर स्ट्राइक की थी और वहां पर मौजूद आंतकी शिविरों को ध्वस्त किया था। जिसमें करीब 250 आंतकियों के मारे जाने की खबर थी। हालांकि पाकिस्तान ने भी माना कि भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के भीतर घुसकर एयर स्ट्राइक की थी।