जम्मू में नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तान को संघर्ष विराम का उल्लंघन भारी पड़ा। पाकिस्तान ने पहले शुरुआत की, फिर भारतीय जवानों ने उसका जवाब दिया। जो कि दुश्मन को बहुत बारी पड़ा। 

भारत की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के दर्जन भर सैनिकों के मारे जाने की खबर है, जिसमें दो पाक फौज के दो वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। यह गोलाबारी जम्मू की अखनूर तहसील के केरी  बट्टल सेक्टर में हुई। हालांकि पाकिस्तान ने अभी अपने फौजियों के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। 

पाकिस्तान ने गुरुवार को इस इलाके में मोर्टार दागे। जिससे भारतीय राइफलमैन यशपाल शहीद हो गए। इससे नाराज होकर भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तानी चौकियों पर कहर बरपा दिया। उन्होंने इतनी गोलाबारी की कि पाकिस्तान की छह चौकियां तबाह हो गईं और दो अफसरों सहित 12 सैनिकों की मौत हो गई। उसके 23 जवान गंभीर रुप से घायल भी बताए जा रहे हैं। 

भारतीय जवानों ने मारे गए पाकिस्तानी जवानों का शव उठाने के लिए पाकिस्तानी हेलीकॉप्टरों को नियंत्रण रेखा के पास चक्कर काटते हुए भी देखा। 

इससे पहले होली के दिन गुरुवार दोपहर 2:45 बजे पाकिस्तान ने अखनूर के केरी बट्टल के साथ राजौरी के नौशहर सेक्टर के कलाल और देंग इलाके में गोले दागे थे। इस इलाके में पाकिस्तान पिछले काफी समय से गोलाबारी कर रहा है। जिसका जबरदस्त जवाब शुक्रवार को भारतीय जवानों ने दिया। 

भारत की ओर से केरी बट्टल में करारा जवाब मिलने के बाद पाकिस्तान ने पुंछ जिले के मेंढर में कई गोले दागे। इसमें तीन और जवान घायल पवन कुमार, रविंद्र सिंह और अरुण कुमार घायल हुए।

भारतीय सेना के प्रवक्ता ने जानकारी दी है कि पाकिस्तानी सेना ने सुंदरबनी, नौशहरा और मेंढर में गोलाबारी की है। भारतीय जवान भी इसका कड़ा जवाब दे रहे हैं। 

पाकिस्तानी सेना ने साल 2019 के शुरुआती तीन महीनों में ही नियंत्रण रेखा पर 110 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है।