नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव में मिली करारी मात के बाद कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भंग कर दिया गया है। कांग्रेस पार्टी के संगठन महासचिव के.सी.वेणुगोपाल ने इस बात की घोषणा की है। उन्होंने एक बयान जारी करके इस बात की जानकारी दी कि 'अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भंग कर दिया है और अध्यक्ष व कार्यकारी अध्यक्ष को फिलहाल बरकरार रखा गया है।' 

दरअसल लोकसभा चुनाव में भारी हार के बाद कांग्रेस पार्टी ने हार के कारण जानने के लिए एक कमेटी का गठन किया था। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद यह कदम उठाया गया। 

खबर है कि यह कार्रवाई कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के इशारे पर की गई है। कर्नाटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुंडूराव ने इस बात की पुष्टि करते हुए जानकारी दी है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भंग करने की मंजूरी दी है। अब हमें सोचना है कि कैसे न केवल केपीसीसी बल्कि जिला कांग्रेस और ब्लॉक समितियों का पुनर्गठन किया जाए। सभी स्तरों पर पार्टी का पुनर्गठन होगा। 

इसके पहले कांग्रेस ने कर्नाटक से अपने विधायक रोशन बेग को भी पार्टी से निकाल दिया है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने बेग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।