रामपुर। समाजवादी पार्टी के नेता और रामपुर से सांसद अब रामपुर की जनता को बता रहे हैं कि उनका 22 किलोग्राम वजन कम हुआ है। ये वजन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कारण कम हुआ है। ये हम नहीं बता रहे हैं बल्कि ये जानकारी आजम खान खुद रामपुर की जनता को दे रहे हैं। रामपुर में आजम खान भूमाफिया घोषित हो चुके हैं और उन पर वहां 84 केस भी दर्ज हैं। रामपुर में हो रहे विधानसभा उपचुनाव में आजम खान की पत्नी समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ रही हैं।

रामपुर में आजम खान अपनी पत्नी तंजीन फातिमा के लिए वोट मांग रहे हैं। रामपुर से सांसद बन जाने के बाद आजम खान ने अपनी विधायक की सीट से इस्तीफा दिया था। जिसके बाद ये सीट खाली थी और इस पर उपचुनाव हो रहे हैं। हालांकि इस सीट पर आजम खान ने अपनी पत्नी को सपा से टिकट दिलाया है। क्योंकि आजम खान को डर था कि अगर इस सीट से किसी अन्य को टिकट दिया गया तो वह हार सकता है। इस सीट पर आजम खान नौ बार विधायक रहे हैं।

फिलहाल आजम खान अपनी पत्नी को जिताने के लिए रात दिन एक किए हुए हैं। इसके लिए वह लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने एक जनसभा में बताया कि प्रदेश की योगी सरकार ने उन पर 84 केस दर्ज किए हैं। जिसके कारण उनका  22 किलोग्राम वजन कम हुआ है।

हालांकि कोर्ट से जमानत मिलने के बाद आजम खान रामपुर में दिखाई दे रहे हैं। जबकि केस दर्ज होने और भूमाफिया घोषित  किए जाने के बाद आजम खान रामपुर नहीं आ रहे थे। रामपुर में आजम खान ने कहा कि मैंने जनता के लिए जो लड़ाई लड़ी थी उसकी सजा सरकार ने उन्हें दी है। रामपुर में न केवल आजम खान बल्कि उनकी पत्नी, विधायक बेटा, भाई, बहन और करीबी समर्थकों पर भी मामले दर्ज किए गए हैं।