लॉकहीड मार्टिन ने अपने शानदार लड़ाकू विमान एफ-21 का प्रदर्शन बेंगलुरु में चल रहे एयरो इंडिया शो में किया। इसमें भारतीय वायुसेना की जरुरतों के हिसाब से बदलाव किए गए थे। 

जल्दी ही इस विमान का निर्माण भारत में होने लगेगा। लॉकहीड मार्टिन और टाटा एडवांस्‍ड सिस्‍टम्‍स मिलकर भारत में एफ-21 लड़ाकू विमानों का निर्माण करने वाले हैं। 

बेंगलुरु में इसके प्रदर्शन के बाद लॉकहीड मार्टिन के अधिकारियों ने बताया कि ‘इसके निर्माण के जरिए मेक इन इंडिया के बेजोड़ अवसर उपलब्‍ध होंगे। साथ ही भारत के भविष्‍य में आधुनिक हवाई शक्ति बनने में मदद मिलेगी। एफ-21 पूरी तरह से अलग विमान है। इस विमान को भारतीय वायुसेना की जरूरतों के अनुसार आधुनिक और काफी ऊंचाई तक उड़ने लायक बनाया गया है’।

एफ-21 उसी एफ-16 विमानों का उन्नत स्वरुप है जिसे बेचने की पेशकश लॉकहीड मार्टिन पहले भी कर चुका है। अमेरिका ने पाकिस्तान को एफ-16 विमान दिए थे। लेकिन बाद में संबंध बिगड़ने पर उसके कल-पुर्जे देने से मना कर दिया। जिसके बाद पाकिस्तानी एफ-16 विमान कबाड़ बन गए। 

भारतीय वायुसेना की जरुरतों को पूरा करने के लिए आने वाले समय में लगभग 15 अरब डॉलर के लड़ाकू विमान खरीदे जाने की योजना बनाई जा रही है। 

भारत में एफ-21 की फैक्ट्री लगाने की पेशकश करके लॉकहीड मार्टिन भारतीय सैन्य बाजार में बढ़त बनाने की कोशिश कर रहा है। 

यह मोदी सरकार के मेक इन इंडिया कार्यक्रम की बड़ी कामयाबी है। क्योंकि इससे देश के अंदर रोजगार और निवेश के अवसर बढ़ेंगे।