मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में खासतौर से मुंबई में कई उत्तर भारतीय नेता अपनी किस्तम आजमा रहे हैं। भाजपा हो या फिर शिवसेना या फिर कांग्रेस सभी ने उत्तर भारतीय नेताओं को टिकट दिए हैं। क्योंकि जिन विधानसभा क्षेत्र में उत्तर भारतीयों का दबदबा है वहां पर जीत की गारंटी पक्की है। लिहाजा अब ये नेता हिंदीभाषी मतदातों को लुभाने के लिए हर तरह के प्रयास कर रहे हैं। वहीं मतदाताओं को लुभाने के लिए यूपी और बिहार के नेता लगातार इन सीटों पर प्रचार  कर रहे हैं।

राज्य में विधानसभा चुनाव में हिंदीभाषी प्रत्याशियों का प्रचार जमकर हो रहा है। राजनैतिक दलों ने भी इन नेताओं को टिकट देकर जनता को लुभाने की कोशिश की है। आर्थिक राजधानी मुंबई के गोरेगांव से विद्या ठाकुर, मालाड पश्चिम से रमेश सिंह ठाकुर, नालासोपारा से प्रदीप शर्मा प्रमुख हिंदीभाषी प्रत्याशी हैं। इसमें सबसे ज्यादा चर्चा प्रदीप शर्मा की है। जिन्होंने पुलिस की नौकरी को छोड़कर राजनीति में नई पारी शुरू की है और उन्हें शिवसेना ने टिकट दिया है। हालांकि राज्य में शिवसेना और भाजपा का गठबंधन है।

लिहाजा भाजपा के नेता शिवसेना के प्रत्याशियों के लिए भी प्रचार कर रहे हैं। फिलहाल मुंबई की मालाड पश्चिम और नालासोपारा सीट चर्चा में हैं। मालाड में भाजपा ने पूर्व विधायक रमेश सिंह ठाकुर और कांग्रेस ने विधायक असलम शेख को उतारा है। यहां परर फिलहाल भाजपा मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है। जबकि कांग्रेस के नेता अपने बलबूते चुनाव लड़ रहे हैं क्योंकि पार्टी की उन्हें समर्थन नहीं मिल रहा है। रमेश सिंह ठाकुर का प्रचार केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा के सांसद जगदंबिका पाल, सांसद रवि किशन सहित दर्जनों मंत्री, सांसद और यूपी बिहार के विधायक कर रहे हैं।

माना ज रहा है कि 19 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस सीट पर प्रचार करेंगे। हालांकि इस बार योगी ने महाराष्ट्र में ज्यादा प्रचार नहीं किया है। जबकि इससे पहले उन्होंने देश के अन्य राज्यों में भाजपा की तरफ से काफी प्रचार किया था। नालासोपार में शिवसेना के उम्मीदवार पूर्व पुलिस अधिकारी प्रदीप शर्मा मैदान में हैं। प्रदीप शर्मा के लिए सांसद सत्यपाल सिंह, उप्र के उपमुख्यमंत्री केशवप्रसाद मोर्य, भाजपा नेता अमरजीत मिश्र, शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे प्रचार कर चुके हैं। यही नहीं इसके साथ भाजपा और शिवसेना के प्रत्याशियों का भी प्रचार यूपी बिहार के नेता कर रहे हैं।