सरकारी बैंक के पैसे लेकर लंदन भागे हुए विजय माल्या से पाई पाई वसूलने की तैयारी चल रही है। उसका मुंबई का लाउंज नीलाम किया जाएगा। 

विजय माल्या पर सरकार का शिकंजा कसता जा रहा है। एक तरफ उसके लंदन से प्रत्‍यर्पण की तैयारी चल रही है। दूसरी तरफ उसकी संपत्तियां नीलाम करने की तैयारी हो रही है। 

 मुंबई के महालक्ष्‍मी रेसकोर्स का उसका 'विजय माल्‍या लाउंज' नीलाम किया जा रहा है। माल्‍या के पास ये लाउंज पिछले 15 साल से था। 

रेस के सीजन के बाद इस मैदान का इस्तेमाल पोलो खेलने के लिए, हेलीपैड के रूप में और दक्षिण मुंबई में रहने वाली मशहूर हस्तियों के मॉर्निंग वाक और जॉगिंग के लिए होता था। 

महालक्ष्‍मी रेसकोर्स स्थित विजय माल्‍या का लाउंज उनकी शान-ओ-शौकत का प्रतीक रहा है। यह लाउंज 500 वर्गफीट में फैला हुआ है और पूरी तरह वातानुकूलित है।  
रॉयल वेस्टर्न इंडिया टर्फ क्लब (आरडब्ल्यूआइटीसी) ने इस लाउंज के लिए बोलियां आमंत्रित की हैं।

यह बिल्‍कुल टोनी पुनावाल्ला लाउंज से नीचे है, जो दूसरे डेक पर है। माल्या लाउंज के नजदीक एक कैफेटेरिया है। इस लाउंज में बैठने की बेहतरीन व्‍यवस्‍था है।

 यह लाउंज 15 साल तक माल्या को लीज पर दिया गया था। लाउंज की लीज खत्म हो गई है। अब क्लब एक बार फिर लाउंज को 15 साल की लीज पर देना चाहता है। 

इसके लिए बोलियां आमंत्रित की जा रही हैं। बोली भेजने की आखिरी तिथि 1 दिसंबर है।