नई दिल्ली: भारतीय मौसम विभाग ने राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। एक अनुमान के मुताबिक इन सभी राज्यों में अगले 48 घंटों में सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है, जो कि 10 से 12 दिनों तक जारी रहेगी। 

कहां होगी कितनी बारिश?
मौसम विभाग ने उत्तर भारत, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और पश्चिमी भारत में भारी बारिश का खतरा जाहिर किया है। 
इसमें से राजस्थान के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। यानी वहां बहुत ज्यादा बारिश होने की आशंका है। वहीं मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के लिए ऑरेंज अलर्ट है। यानी यहां बारिश खतरनाक स्तर से थोड़ी कम रहेगी।
 लेकिन उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल जैसे हिमालय के नजदीकी क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जाहिर की गई है। वहीं दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भी भारी बारिश की आशंका जताई जा रही है। 

अभी तक हुई है सामान्य से कम बरसात 
हालांकि अभी तक देशभर में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। 1 से 24 जुलाई के बीच सामान्य से 19 फीसदी कम बरसात हुई है। 
1 से 7 अगस्त के बीच मध्य भारत के साथ केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, जम्मू एंड कश्मीर, लक्षदीप और अंडमान में अच्छी बारिश होने का अनुमान लगाया जा रहा है। 

उपग्रह की तस्वीरों से लगाया अनुमान
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने सैटेलाइट से प्राप्त तस्वीरों के आधार पर बताया है कि पश्चिम बंगाल और उत्तर भारत के आस पास एक चक्रवातीय दबाव बन रहा है, जो कि मिड ट्रोपोस्फेरिक लेबल तक फैला हुआ है। इसके चलते इन इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। 
इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ का भी असर मानसून पर देखा जा रहा है। जिसकी वजह से अगले कुछ दिनों में जबरदस्त बारिश होने के आसार बनते दिख रहे हैं।