लोकसभा चुनाव में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को दोबारा मिले प्रचंड जनादेश के बाद कांग्रेस में 'हाहाकार' मचा हुआ है। कई राज्यों से पार्टी के लिए बुरी खबरें आ रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मध्य प्रदेश और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार पर खतरे के बादल मंडराते दिख रहे हैं। कहा जा रहा है कि राजस्थान में कई विधायक पार्टी का साथ छोड़ सकते हैं। हालांकि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने ऐसी खबरों को मीडिया की कल्पना बताया है। 

इस बीच, गुजरात में कांग्रेस को बड़ा झटका लग सकता है। ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर भाजपा में शामिल होने वाले हैं। मंगलवार को उन्होंने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि कम से कम 15 कांग्रेस विधायक पार्टी छोड़ने पर विचार कर रहे हैं। उनका यह बयान एक दिन पहले गुजरात के डिप्टी सीएम नितिन पटेल से हुई मुलाकात के बाद आया है। 

अल्पेश ने भाजपा में शामिल होने का संकेत देते हुए कहा कि मेरे लोग गरीब और पिछड़े हैं। उन्हें सरकार के समर्थन की जरूरत है। मैं इस बात से परेशान था कि मैं जो कुछ भी अपने लोगों को देना चाहता था, नहीं दे पा रहा था। मैंने अपने लोगों के उस मत को आवाज दी है जिनका कहना है कि जहां हमें सम्मान न मिले, जहां हमारे हक की बात न हो, वहां हमें नहीं रहना चाहिए। 

अल्पेश ने कहा, यह हमारा फैसला था कि हम कांग्रेस के साथ नहीं रहेंगे। हम अपने लोगों और गरीबों के लिए सरकार की मदद से काम करना चाहते हैं। इंतजार कीजिए और देखिए। 15 विधायक कांग्रेस छोड़ रहे हैं। हर कोई परेशान है। पार्टी के आधे से ज्यादा विधायक अपसेट हैं। 

यह भी पढ़ें - गुजरात के डिप्टी सीएम से मिले अल्पेश ठाकोर, भाजपा में जल्द होंगे शामिल

साल 2017 में हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 77 सीटें जीती थीं। वहीं लंबे समय बाद पहली बार भाजपा 182 सदस्यों वाली विधानसभा में 99 सीटों पर सिमट गई थी। हालांकि लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से एक दिन पहले कांग्रेस के तीन विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इनमें अल्पेश भी शामिल थे।