विधानसभा चुनाव में मतदान से ठीक पहले नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ में फिर से हमला किया है। अभी तक मिली सूचना के मुताबिक चार जवानों सहित सात लोगों की मौत हुई है। यह घटना बचेली थानाक्षेत्र के आकाशनगर की है। यहां एनएनडीसी की खदानों के पास जवानों को निशाना बनाया गया। दो घायल जवानों को बचेली के अपोलो अस्पताल ले जाया गया है।


जानकारी के मुताबिक नक्सलियों ने आईईडी के जरिए एक मिनी बस को उड़ाया। जिसमें सीआईएसएफ से सात जवान सवार थे। 


 शहीद जवानों के नाम हेड कांस्टेबल मुकेश उपाध्याय, कांस्टेबल सतीश पठारे, कांस्टेबल विशाल सुरेश बताए जा रहे हैं। 

साथ ही ड्राइवर, हेल्पर और क्लीनर की भी मौत हो गई है। अभी तक इन मौतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। 

छत्तीसगढ़ में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं। पहले चरण में 12 नवंबर को 18 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होनी है। पहले चरण के सभी इलाके नक्सली हिंसा से बुरी तरह प्रभावित हैं।