दुनिया के सबसे ऊंचे शिखर एवरेस्ट को एक बार फतह करने की चाहत में सैकड़ों पर्वतारोही जीतोड़ मेहनत करते हैं। लेकिन एक शख्स ऐसा भी है जिसके लिए एवरेस्ट पर चढ़ना मानो 'बाएं हाथ का खेल' हो। उनके नाम सबसे ज्यादा बार एवरेस्ट का शिखर छूने का विश्व कीर्तिमान दर्ज है। ये हैं नेपाल के 49 साल के कामी रिता शेरपा।

कामी रिता शेरपा ने माउंट एवरेस्ट पर 23वीं बार चढ़ाई पूरी की है। इसके साथ ही उन्होंने विश्व की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ने का अपना ही विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया। अभी तक 5500 पर्वतारोहियों ने एवरेस्ट के शिखर को छुआ है। नेपाली समाचार पत्र 'द हिमालयन टाइम्स' के अनुसार, कामी रिता शेरपा ने पिछले साल 22वीं बार एवरेस्ट के शिखर पर चढ़ाई करके माउंट एवरेस्ट के शिखर को फतह करने का रिकॉर्ड बनाया था। वह बुधवार सुबह अन्य शेरपाओं के साथ 8,850 मीटर ऊंचे एवरेस्ट शिखर पर पहुंचे। 

अखबार ने सेवन समिट ट्रैक्स कंपनी के अध्यक्ष मिंगमा शेरपा के हवाले से बताया, ‘कामी रिता शेरपा ने नेपाल की तरफ से सुबह करीब 7 बजकर 50 मिनट पर सफलतापूर्वक माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करके विश्व की सर्वोच्च चोटी पर पहुंचने के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ा। वह सोलुखुम्बु जिले के थामे गांव के रहने वाले हैं।’ 

हिमालयी राष्ट्र से प्रकाशित होने वाले एक अन्य प्रतिष्ठित दैनिक 'माई रिपब्लिका' के अनुसार, कामी रिता माउंट एवरेस्ट पर 1994 से चढ़ रहे हैं। जब वह पहली  बार इस शिखर पर पहुंचे थे, तब उनकी उम्र 24 साल थी। वह 1995 में चढ़ाई पूरी नहीं कर पाये थे क्योंकि शिखर पर पहुंचने से पहले उनका एक साथी बीमार हो गया था। 

मई का महीने एवरेस्ट पर चढ़ाई करने के लिए सबसे मुफीद माना जाता है। 1953 में सबसे पहले सर एडमंड हिलेरी और तेनजिंग नोर्गे ने एवरेस्ट फतह किया था। 

एवरेस्ट पर सबसे पहले साल 1953 में चढ़ने वाले सर एडमंड हिलेरी और तेनजिंग नोर्गे (फाइल फोटो)

2017 में कामी 21 बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने वाले तीसरे शख्स बने थे। उनसे पहले यह रिकॉर्ड अपा शेरपा और फुरबा ताशी शेरपा के नाम दर्ज था। कामी शेरपा ने साल 2018 में सबसे अधिक बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस साल उन्होंने इस रिकॉर्ड को और दुरुस्त किया है। उनकी इच्छा एवरेस्ट पर 25 बार चढ़ने की है।