- पाकिस्तान के सियालकोट के रहने वाले शकरउल्ला को 2011 में गिरफ्तार किया गया था। जेल की कोठरी में लगे टीवी की आवाज को लेकर कैदियों में आपस में झगड़ा हुआ। इसमें शकरउल्ला की मौत हो गई। 

जयपुर की केंद्रीय जेल में बंद एक पाकिस्तानी कैदी की बुधवार को पत्थर मारकर हत्या कर दी गई। राजस्थान के पुलिस महानिदेशक कपिल गर्ग ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि जयपुर जेल में एक पाकिस्तानी कैदी की हत्या हुई है। घटना की जांच न्यायिक मजिस्ट्रेट व पुलिस द्वारा अलग-अलग की जाएगी। 

राज्य के महानिरीक्षक (जेल) रूपिंदर सिंह ने बताया, पाकिस्तानी नागरिक शकरउल्ला (50) नाम का यह कैदी 2011 से जयपुर की केंद्रीय जेल में बंद था। 2017 में उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी। गैरकानूनी गतिविधि निरोधक (यूएपीए) कानून के तहत आजीवन कारावास की सजा काट रहा था।

Scroll to load tweet…

उन्होंने बताया कि उसके साथ कुछ और पाकिस्तानी कैदी भी इसी जेल में बंद हैं। सियालकोट, पाकिस्तान के रहने वाले शकरउल्ला को 2011 में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के एक अन्य अधिकारी के अनुसार जेल की कोठरी में लगे टीवी की आवाज को लेकर बुधवार दोपहर लगभग एक बजे कैदी आपस में भिड़ गए। पत्थर लगने से शकरउल्ला की मौत हो गई। 

उन्होंने कहा कि मामले की न्यायिक जांच करवाई जाएगी। घटना की जानकारी मिलते ही राज्य के आला पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।