नई दिल्ली। महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा के लिए आज होने वाले मतदान के साथ ही देश के 18 राज्यों की 51 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है। हरियाणा की 90 और महाराष्ट्र की 288 सीटों पर आज मतदान हो रहा है। हालांकि महाराष्ट्र में मौसम मतदाताओं को झटका दे सकता है। क्योंकि वहां पर दो दिन से मौसम खराब है। कई राज्यों में उपचुनाव सरकार के प्रति जनता के रूख को भी दर्शाएंगे।

मतदान के लिए सभी केन्द्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। आज होने वाले मतदान के नतीजे 24 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। इन दो राज्यों में पहले से ही भाजपा की सरकार है। लिहाजा सरकार बचाने के लिए भाजपा उतरी है। जबकि कांग्रेस और उसके सहयोगी राज्य में सत्ता परिवर्तन की उम्मीद लगाए हुए हैं। मतदान के लिए चुनाव आयोग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दोनों राज्यों में विधान सभा चुनावों के साथ ही अन्य राज्यों में लोकसभा और विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी कराए जा रहे हैं।

आज होने वाले मतदान के लिए शुक्रवार की शाम को चुनाव प्रचार रूक गया था। चुनाव आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र में आज हो रहे मतदान में कुल 3239 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इसमें 150 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। राज्य में मुख्य मुकाबला भाजपा-शिवसेना-आरपीआई (अठावले) के महागठबंधन और कांग्रेस-राकांपा के बीच है। हालांकि अभी राज्य में भाजपा की अगुवाई में सरकार चल रही है।

जबकि हरियाणा में हो रहे चुनाव में कुल 1168 उम्मीदवार हैं। इनमें सबसे ज्यादा प्रत्याशी हिसार में 118 है जबकि सबसे कम मेवात और पलवल में 35-35 हैं। राज्य में चुनाव को संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग ने केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 130 कंपनियां तैनात की हैं। इसमें 75000 हजार पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं।

18 राज्यों की 51 सीटों पर भी हो रहे हैं उपचुनाव

दो राज्यों के विधानसभा चुनाव के साथ ही आज देश के 18 राज्यों की 51 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। इसमें उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। वहीं गुजरात की 6 सीटों, बिहार की 5, असम की 4 और हिमाचल प्रदेश तथा तमिलनाडु की दो-दो विधानसभा सीट, पंजाब की चार सीटें, केरल की पांच, सिक्किम की तीन, राजस्थान की दो और अरूणाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पुडुचेरी, मेघालय और तेलंगाना की एक-एक सीट पर मतदान शुरू हो गया है।