लोकसभा चुनाव में जबरदस्त सियासी ड्रामें देखने को मिल रहे हैं। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और उसकी सहयोगी बहुजन समाज पार्टी एक तरफ तो कांग्रेस अध्यक्ष और उनके नेताओं पर तीखे आरोप लगा रही हैं। वहीं कांग्रेस भी उनके खिलाफ बयान देने में नहीं चूक रही हैं। लेकिन रायबरेली में तो ये सीन बदला हुआ है। यहां समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रियंका गांधी के जिंदाबाद के नारे लग रहे हैं। लिहाजा रायबरेली की जनता भी नहीं समझा पा रही है कि इन दोनों दलों के बीच क्या कैमिस्ट्री चल रही है। 

असल में दो दिन पहले ही समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने राहुल गांधी को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि कांग्रेस ने उनके पीछे सीबीआई और ईडी लगायी थी। इसके बाद राहुल गांधी ने भी बाराबंकी में एसपी पर प्रत्यारोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी और गठबंधन के बीच सांठगांठ है। क्योंकि बीजेपी हमेशा कांग्रेस मुक्त भारत की बात करती है। फिलहाल ये दोनों दल अपने चुनाव प्रचार में एक दूसरे को कोसने से परहेज नहीं कर रहे हैं।

लेकिन रायबरेली में हालात इससे उलट हैं। यहां पर एसपी कार्यकर्ताओं की रैली में प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे लग रहे हैं। असल में सपा विधायक मनोज पाण्डेय एक कार्यक्रम का आयोजन किया था और इसमें कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी पहुंची। प्रियंका ने अपने मां और भाई की जीत के लिए एसपी से समर्थन मांगा। प्रियंका ने कहा कि उन्हें दिए जा रहे समर्थन के लिए वह एसपी के राष्ट्रीय नेतृत्व का जीवन भर एहसान मानेंगी। इस सम्मेलन में अखिलेश यादव के साथ ही प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे लगे।

लेकिन सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नारे नहीं लगाए गए। गौरतलब है कि राज्य में एसपी-बीएसपी और आरएलडी गठबंधन ने रायबरेली और अमेठी सीट पर प्रत्याशी नहीं उतारें हैं। यहां पर पहली बार एसपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस को समर्थन किया है। जबकि राज्यभर में कांग्रेस और गठबंधन के नेता एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।