समस्तीपुर—बिहार के दौरे पर गए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि पाकिस्तान की तरफ से जब एक गोली चलेगी तो फिर भारत की तरफ से गोली की गिनती नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को अब सफेद झंडा नहीं दिखाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान हमारा पड़ोसी देश है और पहली गोली हमारी तरफ से नहीं चलेगी। पाकिस्तान की तरफ से जब एक गोली चलेगी तो फिर भारत भी गोली की गिनती नहीं करेगा। 

राजनाथ सिंह ने यह बाते बिहार के समस्तीपुर जिले में दलसिंहसराय स्थित बाजार समिति मैदान में चार जिलों के शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में कही। इस सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने किया। 

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 3 से 4 साल के अंदर भारत से नक्सलवाद का सफाया कर दिया जाएगा। पहले की सरकारों ने उग्रवाद और नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिए बिना राजनाथ सिंह ने कहा, 'कांग्रेस के नेता कहते हैं कि हमारी सरकार आएगी, तो किसानों की कर्ज माफी की जाएगी। भारत में 55 साल तक उनकी सरकार रही है और कितने बार कर्जमाफी की गई है? किसानों की माली हालत में सुधार करने की जरूरत है। 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि देशभर में गणतंत्र चल रहा है लेकिन दुनिया को गणतंत्र का पाठ पढ़ाने बिहार में गणतंत्र सिकुड़ने लगा है। वंशवाद का वंशवाद के साथ गठबंधन होने लगता है। भ्रष्टाचार का भ्रष्टाचार के साथ गठबंधन होने लगता है। बिहार के बीजेपी-जेडीयू गठबंधन सरकार की जमकर तारीफ करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि बिहार में सुशासन कोई दे सकता है तो वह यही सरकार ही दे सकती है।

कार्यक्रम में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और उजियारपुर के सांसद नित्यानंद राय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाई और विपक्षी पार्टी को निशाना साधा। इससे पहले बीजेपी जिला अध्यक्ष रामसुमिरन सिंह, प्रदेश महामंत्री सुशील चौधरी, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय आदि ने राजनाथ सिंह के सम्मेलन स्थल पर पहुंचने पर अगवानी की।