नवादा-- सुप्रीम कोर्ट में राम मंदिर के मामले पर सुनवाई होनी है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एकबार फिर अपने बयान से सियासत गर्मा दी। उन्होंने एक ट्वीट किया है जिसमें उन्होंने कहा कि राम मंदिर तो छोड़िए, राम का नाम भी भारत में लेना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने लोगों से खुद को और देश को संभालने की सलाह दी है।

मोदी सरकार में मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, 'एक बाबर के आने से 100 करोड़ हिन्दुओं को हिंदुस्तान में राम मंदिर के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। कल जनसंख्या वृद्धि होने के कारण राम मंदिर को तो छोड़िए, राम का नाम लेना भी मुश्किल हो जाएगा। संभलिए और खुद को संभालिए।'

गिरिराज सिंह ने कहा था कि देश का दुर्भाग्य है कि हिन्दुओं को प्रताड़ित होना पड़ा। आजादी के तुरंत बाद हिन्दू-मुस्लिम के नाम पर देश का बंटवारा हुआ। उस समय अगर कांग्रेस हिन्दुओं के आस्था का केंद्र प्रभु श्री राम का मंदिर बनवा दी होती तो आज यह दुर्दशा नहीं होती। जवाहर लाल नेहरू ने वोट की खातिर इसे विवादित बनाकर रखा। अब भी कांग्रेस इसे विवादित बनाए रखना चाहती है।

 

इससे पहले एक बयान में केन्द्रीय मंत्री ने कहा था कि राम मंदिर सरकार के भरोसे नहीं, देश की सौ करोड़ जनता के पुरुषार्थ से बनेगा। वहीं एक अन्य बयान में उन्होंने कहा था कि जब देश में 30 लाख मस्जिद बन सकती हैं तो अयोध्या में भगवान राम का मंदिर क्यों नहीं?