मध्य प्रदेश की सबसे अहम मानी जाने वाली भोपाल सीट पर अब राजा को कड़ी शिकस्त देने के लिए साध्वी चुनाव लड़ेगी। असल में भोपाल सीट से कांग्रेस के नेता और राजा दिग्विजय सिंह चुनाव लड़ रहे हैं अब बीजेपी इस सीट पर साध्वी प्रज्ञा को टिकट देने की तैयारी में है। जानकारी के मुताबिक संघ की तरफ से साध्वी प्रज्ञा का नाम आगे बढ़ा दिया गया है और आज इस पर बीजेपी अपनी मुहर लगाएगी।

भोपाल सीट पर कांग्रेस ने काफी पहले ही दिग्विजय सिंह का नाम फाइनल कर दिया था। दिग्विजय सिंह को चुनाव लड़ाने के पक्ष में राज्य के मुख्यमंत्री कमलनाथ थे। लेकिन अभी तक बीजेपी ने इस सीट पर किसी को फाइनल नहीं किया था। हालांकि इस सीट पर साध्वी प्रज्ञा का नाम पहले से ही चल रहा था। लेकिन बीच बीच में शिवराज सिंह और उमा भारती का नाम भी आया। सूत्रों के मुताबिक संघ की तरफ से साध्वी प्रज्ञा के नाम को आगे बढ़ा दिया गया है और अब इस पर बीजेपी को अपनी मुहर लगानी है।

लेकिन अब ये तय हो गया है कि भोपाल सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के सामने पहली बार साध्वी चुनाव मैदान में होंगी। असल में यूपीए सरकार के दौरान मालेगांव में हुए ब्लास्ट में एनआईए ने साध्वी प्रज्ञा को आरोपी बनाया था और उसके बाद वह सुर्खियों आई और लंबी कानूनी प्रक्रिया से गुजरने के बाद उन्हें एनआईए ने भी क्लीन चिट दे दी है। यूपीए सरकार के दौरान दिग्विजय सिंह ने हिंदू आतंकवाद शब्द की शुरूआत की थी।

लेकिन अब साध्वी अपने सबसे बड़े दुश्मन के सामने चुनावी ताल ठोंकेगी। भोपाल को बीजेपी का गढ़ माना जाता है। लेकिन यहां पर मुस्लिमों वोटों को देखते हुए कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह पर दांव खेला है। फिलहाल कहा जा रहा है कि संघ की तरफ से नाम आगे बढ़ाने के बाद हाईकमान से लेकर प्रदेश स्तर तक इस पर सहमति बन गई और आज साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के नाम की घोषणा की जाएगी।