पिछले दिनों लगातार विवादों में रहे कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की आवाज जा सकती है। डॉक्टरों ने ऐसी आशंका जताई है। पिछले दिनों उन्होंने लगातार चुनाव प्रचार किया और भाषण दिए। इससे उनके गले में स्वर-यंत्र को भारी नुकसान हुआ है।
पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू अपनी आवाज गंवा सकते हैं। पिछले 17 दिनों तक सिद्धू ने लगातार चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने 70 से अधिक जनसभाएं कीं। इस लगातार मेहनत का असर उनकी आवाज पर पड़ा है।
डॉक्टरों ने उन्हें तीन से पांच दिन तक पूरी तरह से आराम करने की नसीहत दी है। वरना उनकी आवाज हमेशा के लिए जा सकती है।
डॉक्टरों का कहना है कि लगातार चुनाव प्रचार के दौरान भाषणों और हवाईयात्रा ने उनकी आवाज को काफी नुकसान पहुंचा है। कुछ दिनों से सिद्धू लगातार कांग्रेस की तरफ से विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान में जुटे रहे हैं।
सिद्धू की ओर से आधिकारिक प्रवक्ता ने आज जानकारी दी कि हवाई जहाज और हेलिकॉप्टर से लगातार यात्रा ने उनके स्वास्थ्य को खासा नुकसान पहुंचाया है। यह इसलिए भी साल पहले लगातार हवाई यात्रा करने के कारण वह डीप वेन थ्रोम्बोसिस (डीवीटी) से पीड़ित रहे थे।
बताया जा रहा है कि खून के कई परीक्षण के बाद ही डॉक्टरों ने उन्हें यह सलाह दी है। प्रवक्ता ने बताया कि पूरी जांच और स्वास्थ्य लाभ के लिए सिद्धू किसी अज्ञात स्थान पर हैं। वहां सिद्धू डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनके निर्देश पर उनकी लगातार फिजियोथेरेपी चल रही है।