अमेठी: गुरुवार की देर रात यूपी पुलिस को पता चला कि सुरेन्द्र सिंह की हत्या का आरोपी वसीम जामो थाना क्षेत्र इलाके में छिपा हुआ है। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम अमेठी पहुंच गई और उसने आरोपी वसीम को घेर लिया। 

खुद को घिरा हुआ पाकर वसीम ने पुलिस पर गोलियां चलानी शुरु कर दी। जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। जिसमें वसीम को भी गोली लग गई। 

घायल वसीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया है। जहां पर इलाज के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।  

अमेठी में पूर्व प्रधान सुरेन्द्र सिंह की बरौलिया गांव में 25 मई को हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पांच लोग अभियुक्त बनाए गए थे। जिसमें से चार लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। 
गुरुवार को दिन में ही इस मामले के चौथे अभियुक्त गोलू को भी गिरफ्तार किया गया है। 

मृतक सुरेन्द्र सिंह के बेटे ने इस मामले में कांग्रेस नेताओं पर शक जाहिर किया था। जिसके बाद पुलिस की जांच में पता चला कि इस हत्या की साजिश बीडीसी सदस्य और कांग्रेस नेता रामचंद्र ने रची थी। जिसमें वसीम, नसीम, गोलू और धर्मनाथ ने उसका साथ दिया। 

अब यह पांचो लोग पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। इन सबके खिलाफ 302(हत्या) 120-बी(आपराधिक साजिश) का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया है कि नसीम,वसीम और गोलू ने ही सुरेन्द्र सिंह की हत्या की है। 

सुरेन्द्र सिंह को प्वाइंट ब्लैंक रेंज यानी बेहद नजदीक से सिर में गोली मारी गई थी। जिसकी वजह से उनकी मौका ए वारदात पर ही मौत हो गई थी। 

यह हत्या तब चर्चा में आई जब केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी खुद बरौलिया गांव पहुंचीं और उन्होंने सुरेन्द्र सिंह की अर्थी को कंधा देकर श्मशान तक पहुंचाया। उनकी जीत में सुरेन्द्र सिंह का बड़ा योगदान था।