नई दिल्ली: जून के महीने की शुरुआत में आसमान से आग बरस रही है। पूरा देश भीषण गर्मी से बेहाल है। लेकिन आज यानी बुधवार का दिन अजीब रुख ले रहा है। 

देश के मौसम विभाग यानी आईएमडी(IMD) ने लोगों को राहत भरी खबर दी है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि आज देश के कुछ हिस्सों में तेज आंधी तूफान के साथ भारी बारिश हो सकती है। यह संभावना पश्चिम बंगाल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा के साथ असम और मेघालय जैसे पूर्वी भारत के इलाकों के लिए जताई गई है। इन इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। 

लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पूरे देश को गर्मी से राहत मिल जाएगी। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि जहां 5 जून को पूर्वी भारत में  भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं हरियाणा राजस्थान, मध्य प्रदेश और विदर्भ जैसे मध्य और उत्तर भारत के इलाकों में तेज गर्म हवाओं यानी लू का प्रकोप जारी रहेगा। कुछ ऐसा ही गर्म मौसम महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और दक्षिण के तेलंगाना में भी रहेगा। यहां भी गर्म हवाओं का दौरा जारी रहेगा। 

हालांकि मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक पूरे दक्षिण भारत में ऐसा मौसम नहीं रहेगा। रायलसीमा, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं जम्मू एंड कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र,  तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, विदर्भ, छत्तीसगढ़, कर्नाटक के अंदरूनी हिस्सों और केरल में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बारिश हो सकती है. 

वहीं गुरुवार के दिन यानी छह जून को रायलसीमा, केरल और तमिलनाडु, पुड्डुचेरी में आंधी तूफान के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कोस्टल आंध्र प्रदेश और दक्षिण कर्नाटक के अंदरूनी हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं जबकि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हवाएं चल सकती हैं।

छह जून को पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश के साथ पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं। वहीं विदर्भ, दक्षिण हरियाणा, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में गर्म हवाएं चलेंगी।