लखनऊ. खनन घोटाले के मामले में सीबीआई जांच में फंसे बुलंदशहर के डीएम अभय सिंह समेत तीन आईएएस अधिकारियों पर योगी सरकार ने कार्रवाई की है। डीएम अभय, आजमगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी देवीशरण उपाध्याय और कौशल विकास मिशन और प्रशिक्षण और सेवायोजन विभाग के निदेशक विवेक कुमार को उनके मौजूदा पद से हटाकर प्रतीक्षारत कर दिया गया है। सीबीआई की छापेमारी पड़ते ही आरोपी अधिकारियों पर कार्रवाई तय मानी जा रही थी। 

बुधवार रात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद तीनों आईएएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए गए। बुलंदशहर के जिलाधिकारी अभय को हटाकर प्रतीक्षारत रखा गया है। राज्य पोषण मिशन के निदेशक रविन्द्र कुमार द्वितीय को बुलंदशहर का नया जिलाधिकारी तैनात किया गया है। आजमगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी देवीशरण उपाध्याय को भी हटाकर प्रतीक्षारत रखा गया है। कौशल विकास मिशन और प्रशिक्षण एवं  सेवायोजन विभाग के निदेशक विवेक को भी हटाकर प्रतीक्षारत रखा गया है।

बुधवार को सीबीआई टीम ने यूपी के 12 जगहों पर छापेमारी की थी। बुलंदशहर के डीएम अभय के आवास से 47 लाख रूपए बरामद हुए थे। बरामद रूपए व दस्तावेजों को सीबीआई ने अपने कब्जे में लिया है। बुधवार को सीबीआई ने आईएएस अभय, विवेक, देवीशरण उपाध्याय, तत्कालीन खनन मंत्री गायत्री प्रजापति समेत कई लोगों पर केस दर्ज किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल तीनों अधिकारियों को हटाने के निर्देश दिए।