रायगढ़-- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तेज गति से जा रहे एक वाहन के पुल से नीचे गिरने से उसमें सवार तीन युवकों की मौत हो गई। रायगढ़ जिले के पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि जिले में आज सुबह एक जीप केलो नदी में बने पुल से नीचे गिर गई। इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है। एक युवक की हालत चिंताजनक है।

अधिकारियों ने बताया कि जिला मुख्यालय से लगभग सात किलोमीटर दूर बोंदाटिकरा गांव में आज सुबह दस बजे बोलेरो जीप अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए 30 फुट नीचे गिर गयी। इस घटना में वाहन में सवार चार लोगों में से चालक समेत तीन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल एक अन्य युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान चालक संदीप दास महंत (25 वर्ष), वैभव यादव (30 वर्ष), और विजय पटवा (21 वर्ष) के रूप में हुई है। शशिकांत यादव (24 वर्ष) गंभीर रुप से घायल है। सभी युवक स्थानीय प्रेमनगर क्षेत्र के निवासी हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चक्रधरनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।