नई दिल्ली। देश के दक्षिणी और पश्चिमों राज्यों में बाढ़ के हालात का जाएजा लेने के लिए केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह दौरा करेंगे। वह आज कर्नाटक जाकर बाढ़ से उत्पन्न हालात का जाएजा लेंगे और हो सकता है कि वहां से लौटने के बाद केन्द्रीय मदद का ऐलान करें।

वहीं कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद राहुल गांधी केरल के दौरे पर जाएंगे। केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और गुजरात में बीते चार दिनों से बाढ़ के कारण हालत काफी खराब हैं। इन राज्यों में अभी तक 136 लोगों के मारे जाने की खबर है।

वहीं उत्तराखंड और हिमाचल में भारी के कारण भूस्खलन हो रहा है और पर्यटक रास्तों में ही फंसे हुए हैं। जिन्हें वहां से निकालने के लिए राहत कार्य चल रहे हैं। देश के पहाड़ी राज्यों के साथ ही दक्षिणी राज्यों में बारिश के कारण लोगों को दिक्कतें बढ़ गई हैं। 

केरल के हालात खराब, राहुल करेंगे दौरा

फिलहाल बारिश के कारण केरल के हालात काफी खराब है। यहां पर 57 लोगों की मौत की खबर है जबकि करीब 1.65 लाख लोगों को राहत शिविरों रखा गया है। केरल में ज्यादातर नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। जानकारी के मुताबिक केरल के आठ जिलों में बाढ़ के कारण स्थिति काफी खराब है।

मल्लपुरम जिले में 19 और कोझिकोड में 14 लोगों की मौत हुई है। यहां 80 जगह भूस्खलन की घटना हुई। राज्य में 198 घर पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं। राज्य में 1318 राहत शिविर बनाए गए हैं जिनमें 165519 लोगों को पहुंचाया गया है। 

कर्नाटक के 17 जिले बाढ़ से प्रभावित घोषित

कर्नाटक के हालात भी बिगड़ते जा रहे हैं। वहां पर भी लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा है। क्योंकि राज्य के जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। कर्नाटक सरकार ने शनिवार को 17 जिलों में 80 तालुकों को बाढ़ प्रभावित घोषित किया।

बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। राज्य में बाढ़ का असर तालुक बेलगावी, बागलकोट, रायचुर, कलबुर्गी, यादगिर, विजयपुरा, गडग, हावेरी, धारवाड़, शिवमोगा, चिकमंगलुर, कोडागु, दक्षिण कन्नड़ उडुपी, उत्तर कन्नड़ और मैसूर में हैं। 

महाराष्ट्र में गंभीर हालत के बीच जलस्तर हो रहा है कम

वहीं महाराष्ट्र के हालात भी काफी गंभीर हैं। सांगली, कोल्हापुर और पुणे में बाढ़ का प्रकोप काफी है और लोगों को वहां से निकालने के लिए नौसेना और वायुसेना की मदद ली जा रहा है। महाराष्ट्र के कोल्हापुर सांगली में पानी घटा पर खतरा नहीं टला है।

हालांकि पानी के स्तर में गिरावट आ रही है। महाराष्ट्र के कोल्हापुर और सांगली में शनिवार को पानी घटने लगा है। कोल्हापुर के पुलिस कप्तान अभिनव देशमुख ने बताया कि जलस्तर 57 फीट से 52 पर आ गया है। नौ सेना की 41 टीमों ने कुल 4.24 लाख लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है। 

गुजरात में तेज बारिश के बीच 19 लोगों की मौत

गुजरात में भी भारी बारिश से 19 लोगों की मौत हो गई। वहीं खेड़ा जिले के नाडियाड में एक तीन मंजिला इमारत गिरने से चार लोगों की मौत हो गई थी।

उत्तराखंड और हिमाचल में फंसे हुए हैं पर्यटक 

वहीं उत्तराखंड के बद्रीनाथ में बारिश के कारण हालात खराब हैं। बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ भूस्खलन क्षेत्र में भारी बारिश के कारण पुलिस ने 600 तीर्थयात्रियों को जोशीमठ, गोविंदघाट, पांडुकेश्वर और बदरीनाथ धाम में रोक दिया है। वहीं हिमाचल में तेज बारिश के कारण कई जिलों में भूस्खलन हो रहा है। जिसके कारण पर्यटकों को सुरक्षित जगहों पर रहने का आदेश दिया गया है।