महाराष्ट्र एटीएमस ने पुणे के चाकन इलाके से कर्नाटक निवासी हरपाल सिंह नागरा को गिरफ्तार किया था। 42 साल के नागरा के पास से एक देसी पिस्तौल और पांच कारतूस भी बरामद किए गए। यह गिरफ्तारी दो दिसंबर को की गई थी। नागरा को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे 17 दिसंबर तक एटीएस की हिरासत में भेज दिया गया।
बाद में हरपाल सिंह नागरा की निशानदेही पर महाराष्ट्र एटीएस पंजाब गई। वहां से दूसरे खालिस्तान समर्थक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अभी इस दूसरे खालिस्तानी के नाम का खुलासा नहीं किया है। उसे गिरफ्तारी के बाद जल्दी ही मुंबई लाकर अदालत के सामने पेश किया जाएगा।  
 
महाराष्ट्र पुलिस के सूत्रों ने जानकारी दी है कि यह दोनों ही पाकिस्तान और विश्व के अन्य देशों में मौजूद खालिस्तानी अलगाववादियों के संपर्क में थे।
पूछताछ किए जाने पर नागरा ने जानकारी दी कि वह स्वतंत्र खालिस्तान का समर्थक है। नागरा से मिली जानकारी के आधार पर ही एटीएस ने पंजाब से दूसरे व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसे पूछताछ के लिए मुंबई लाया जा रहा है।