तिनसुकिया से हेमंत नाथ की रिपोर्ट

असम के तिनसुकिया जिले में संदिग्ध उल्फा (आई) ने पांच लोगों की गोली मार कर हत्या कर दी। यह घटना बृहस्पतिवार शाम 7.45 बजे हुई। इसमें एक अन्य व्यक्ति घायल है। 

 यहां ढोला-सादिया ब्रिज के पास खेराबाड़ी इलाके में उग्रवादियों ने छह युवकों को उठाया और लाइन में खड़ा कर गोली मार दी। मारे गए युवकों की पहचान अबिनाश बिस्वास, अनंत बिस्वास, सुबल दास, धनंजय नामुसुद्रा और श्यामल बिस्वास के तौर पर हुई है। मारे गए लोगों में से तीन एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, 'पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल एक शख्स को तिनसुकिया सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलवारों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।'  पुलिस को पूरे हत्याकांड के पीछे उल्फा (इंडिपेंडेंट)  का हाथ होने का संदेह है। 

"

पुलिस के अनुसार, हथियारबंद उग्रवादी ढोला-सादिया पुल के करीब एक गांव में आए और रात करीब आठ बजे पांच से छह लोगों को घर से बाहर बुलाया। इसके बाद उन्होंने अंधाधुंध गोलियां चलाईं और अंधेरे में फरार हो गए।  

असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा, 'इस घटना के साजिशकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हम ऐसी कायराना हरकतों को बर्दाश्त नहीं करेंगे।' 

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने ट्वीट किया, 'इस घटना को लेकर मैंने असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से बात की है और उनसे इस जघन्य वारदात में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने को कहा है।' 

उधर, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे एनआरसी के मुद्दे से जोड़ दिया। एक ट्विटर पोस्ट में उन्होंने सवाल किया कि कहीं यह हमला राष्ट्रीय नागरिक पंजी से जुड़े घटनाक्रम से संबंधित तो नहीं था।