59 साल के अनंत कुमार कैंसर से पीड़ित थे। उनका पहले लंदन और न्यूयॉर्क में इलाज चला। 20 अक्टूबर को उन्हें बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का सोमवार सुबह करीब 2 बजे निधन हो गया। वह कैंसर से पीड़ित थे, जिसका पिछले काफी वक्त से इलाज चल रहा था। 59 साल के अनंत कुमार का पहले लंदन और न्यू यॉर्क में इलाज चला और 20 अक्टूबर को ही उन्हें बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 

शुक्रवार को उनकी पत्नी तेजस्वनी ने बताया था कि उन्हें कृत्रिम सांस दी जा रही है। इससे पहले, उन्हें आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया था। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत तमाम हस्तियों ने अनंत कुमार के निधन पर गहरा शोक जताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी पत्नी तेजस्वनी से बात कर अपनी संवेदना प्रकट की है। 

अनंत कुमार के निधन पर एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पूरे देश में राष्ट्र ध्वज आधा झुकाने का निर्देश दिया है। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उधर, कर्नाटक सरकार ने तीन के राजकीय शोक की घोषणा की है। सोमवार को सभी सरकारी स्कूल-कॉलेजों में एक दिन की छुट्टी कर दी गई है।

Scroll to load tweet…

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लिखा, 'केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन के बारे में सुनकर मुझे दुख हुआ। उनका जाना देश और विशेषकर कर्नाटक के लोगों के लिए बड़ा झटका है। उनके परिवार, सहकर्मी और उनसे जुड़े अनगिनत लोगों के साथ मेरी संवेदना है।' 

Scroll to load tweet…

पीएम  मोदी ने लिखा, 'मेरे सहकर्मी और दोस्त अनंत कुमार के निधन के बारे में सुनकर मुझे काफी दुख हुआ। वह शानदार नेता थे, जिन्होंने युवा के रूप में राजनीति में कदम रखा और अबतक अत्यंत परिश्रम और करुणा के साथ लोगों की सेवा में लगे थे। उन्हें हमेशा उनके अच्छे काम के लिए याद किया जाएगा।' 

Scroll to load tweet…

राजनाथ सिंह ने लिखा, 'अपने सीनियर साथी और दोस्त अनंत कुमार के ऐसे जाने से हैरान और दुखी हूं। लोगों के कल्याण के लिए उनका जुनून और लगन सराहनीय थी। उनके परिवार के साथ मेरी संवेदना है।' एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'मेरे मस्तिष्क में अनंत जी के साथ सरकार और संगठन में साथ काम करने की सभी यादें घूम रही हैं। ये यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी। उनका जाना बीजेपी के लिए बड़ा नुकसान है। यह मेरे लिए भी व्यक्तिगत तौर पर बड़ी क्षति है।' 

Scroll to load tweet…

रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी ट्वीट कर अनंत कुमार को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, 'अंनत कुमार के बारे में सुनकर काफी दुख हुआ। उन्होंने लंबा वक्त बीजेपी को दिया। बेंगलुरु उनके दिल और दिमाग में बसता था। भगवान इस क्षति को सहने की शक्ति उनके परिवार को दे।' 

Scroll to load tweet…

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी अनंत कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। 

Scroll to load tweet…

जानकारी के मुताबिक, अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को बेंगलुरु के नेशनल कॉलेज में रखा जाएगा।  भाजपा सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी अपने करीबी दोस्त और कैबिनेट सहयोगी अनंत कुमार को श्रद्धांजलि देने बेंगलुरू जा सकते हैं।