लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 13 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए बीजेपी की ओर से 9 मार्च को 7 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह और विजय बहादुर पाठक को दोबारा मौका दिया है। मोहित बेनीवाल की नई एंट्री हुई। 

राष्ट्रीय महासचिव ने जारी की लिस्ट 
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी की गई 7 प्रत्याशियों की लिस्ट में प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र कुमार सिंह, अशोक कटारिया को दोबारा मौका दिया गया है। इनके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह, डॉ धर्मेंद्र सिंह, मोहित बेनीवाल और राम तीरथ सिंह को एमएलसी का टिकट दिया है।

 

13 सीटों में से 10 सीटें जाएंगी बीजेपी गठबंधन के खाते में
बताते चलें कि इस बार 05 मई को उत्तर प्रदेश विधान परिषद में कुल 13 सीटें खाली हुई हैं। जिन पर चुनाव होना है। इस चुनाव में विधानसभा के सदस्य वोटिंग करेंगे। 13 सीटों में 10 पर बीजेपी या फिर एनडीए गठबंधन की जीत होगी। 3 सीटें सपा के खाते में जाएंगी। अभी तक का जो आंकड़ा है, उसके मुताबिक बीजेपी 9 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी। यानि दो सीटों पर और अभी नाम घोषित होने बाकी हैं। 1 सीट अपना दल एस के खाते में जाएगी। जिसमें पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार के प्रौद्योगिकी शिक्षा मंत्री आशीष पटेल प्रत्याशी होंगे।

नरेश उत्तम संग गुड्डू जमाली को भी एमएलसी बनाएगी सपा
दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी की ओर से प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पूर्व मंत्री बलराम यादव और बीएसपी छोड़कर आए पूर्व एमएलए शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली का विधान परिषद जाना तय माना जा रहा है। इसमें आपसी सहमति बन चुकी है। घोषणा भर बाकी है। 

सपा को 2 सीटों का फायदा
विधान परिषद में 5 मई को जो 13 सीटे रिक्त हो रहीं हैं। उनमें बीजेपी के यशवंत सिंह, विजय बहादुर पाठक, विद्यासागर सोनकर, डॉ. सरोजनी अग्रवाल, अशोक कटारिया, अशोक धवन, बुक्कल नवाब, महेंद्र कुमार सिंह, निर्मला पासवान, मोहसिन रजा और अपना दल (एस ) के आशीष पटेल का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इनके अलावा बसपा के भीमराव आंबेडकर और सपा के नरेश उत्तम पटेल का कार्यकाल भी इसी दिन खत्म हो रहा है।

बिहार विधानसभा के लिए भी 3 नाम घोषित
बीजेपी ने इस के साथ ही बिहार विधान परिषद के लिए भी तीन प्रत्याशियों के नामों का एलान कर दिया है। इनमें मंगल सिंह, डा. लाल मोहन गुप्ता और अनामिका सिंह को एमएलसी का टिकट दिया गया है। 

ये भी पढ़ें....
Lok Sabha Elections 2024: बीजेपी ने अब MP में कांग्रेस को दिया बड़ा झटका, कई दिग्गजों ने छोड़ा हाथ का साथ