लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए कल,19 मई को मतदान होगा। जनता जनार्दन इस अंतिम दौर में कल अपने मताधिकार का प्रयोग करेगी, लेकिन जनता की अदालत का फैसला 23 मई को आएगा। रविवार को देश की 59 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इस मतदान में कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर लगी हुई है। लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में जिन आठ राज्यों की 59 सीटों पर मतदान होगा।

उसमें उत्तर प्रदेश की 13 सीटें, हिमाचल की 4, पंजाब की 13, बिहार की 8, झारखंड की 3, मध्य प्रदेश की 8 और पश्चिम बंगाल की 9 सीटों पर मतदान होना है। इसके साथ ही चंडीगढ़ की एक सीट के लिए कल मतदान होगा। इस चरण में कुल 918 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

पंजाब

रविवार को पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इन 13 सीटों पर 278 प्रत्याशी खड़े हैं, जिसमें 25 महिला प्रत्याशी भी हैं। यहां पर पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह के साथ ही अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की प्रतिष्ठा दांव पर है। गुरदासपुर में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ से पार्टी के प्रत्याशी हैं और उनके खिलाफ बीजेपी के सनी देयोल मैदान में हैं।

जबकि फिरोजपुर से शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल मैदान में तो उनके खिलाफ कांग्रेस के सांसद शेर सिंह घुबाया जीत के दावे कर रहे हैं। वहीं संगरूर से आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भगवंत मान चुनाव लड़ रहे हैं तो उनके खिलाफ कांग्रेस के केवल सिंह ढिल्लों व अकाली दल के परमिंदर सिंह ढींडसा मैदान में हैं। जबकि पटियाला सीट पर फिर से कैप्टन की पत्नी परनीत कौर चुनाव मैदान में हैं तो बठिंडा से केन्द्रीय हरसिमरत कौर बादल तीसरी बार चुनाव जीतने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं तो उनके खिलाफ कांग्रेस ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को मैदान में उतारा है।

इसी तरह से होशियारपुर में बीजेपी के सोमप्रकाश के खिलाफ कांग्रेस के डॉ. राजकुमार चब्बेवाल चुनाव लड़ रहे हैं। श्री आनंदपुर साहिब सीट से कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी के खिलाफ अकाली दल के मौजूदा सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा चुनाव मैदान में हैं इसी तरह से खडूर साहिब सीट पर कांग्रेस के जसबीर सिंह डिंपा के खिलाफ अकाली दल की दिग्गज बीबी जागीर कौर चुनाव लड़ रही हैं।

जबकि फतेहगढ़ साहिब सीट पर दो आईएएस अफसर मैदान में हैं। जिसमें शिअद से दरबारा सिंह गुरु व कांग्रेस से डॉ. अमर सिंह हैं। जालंधर से कांग्रेस के संतोख चौधरी और शिअद के चरणजीत सिंह अटवाल और आम आदमी पार्टी से पूर्व जस्टिस जोरा सिंह चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं। लुधियाना से कांग्रेस के रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ शिअद के महेशइंद्र सिंह ग्रेवाल मैदान में हैं। तो आप के प्रो. तेजपाल मैदान में उतर कर त्रिकोणिय मुकाबला बनाए हुए हैं। फरीदकोट सीट कांग्रेस के मोहम्मद सदीक व शिअद के गुलजार सिंह रणीके के मुकाबला माना जा रहा है।

पश्चिम बंगाल

पश्चिम बबंगाल के तीन जिलों की नौ सीटों पर रविवार को मतदान होगा। जिसमें करीब डेढ़ करोड़ मतदाता 111 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। इस चरण में कोलकाता उत्तर, कोलकाता दक्षिण, दमदम, जादवपुर, बशीरहाट, मथुरापुर, डायमंड हार्बर, बारासात व जयनगर में मतदान होगा।

मध्य प्रदेश

राज्य की आठ लोकसभा सीटों पर रविवार को मतदान होगा। जिसमें इंदौर प्रमुख है। इस सीट पर आठ बार लोकसभा चुनाव जीतने वाली सुमित्रा महाजन चुनाव मैदान में नहीं है। इस बार बीजेपी ने उनके स्थान पर शंकर लालवानी को प्रत्याशी बनाया है जबकि कांग्रेस ने पंकज संघवी को उतारा है। जबकि देवास सीट पर कांग्रेस ने भजन गायक प्रहलाद सिंह टिपानिया तो बीजेपी ने पूर्व जज महेंद्र सिंह सोलंकी पर दांव खेला है।

वहीं महाकाल की नगरी उज्जैन में बीजेपी ने अनिल फिरोजिया तो कांग्रेस ने बाबूलाल मालवीय को टिकट दिया है। इसी तरह से मंदसौर लोकसभा सीट पर बीजेपी ने मौजूदा सांसद सुधीर गुप्ता को तो कांग्रेस ने भी मीनाक्षी नटराजन को टिकट दिया है। नटराजन पिछली बार तीन लाख मतों से हारी थी। जबकि खरगोन सीट पर बीजेपी ने गजेंद्र सिंह पटेल को तो कांग्रेस ने डॉ. गोविंद मुजाल्दा को टिकट दिया है।

अहम माने जाने वाली खंडवा सीट पर बीजेपी ने नंदकुमार सिंह चौहान को कांग्रेस ने पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव टिकट दिया है जबकि रतलाम सीट पर कांतिलाल भूरिया मैदान में हैं तो बीजेपी की तरफ से विधायक जीएस डोमार पार्टी के प्रत्याशी हैं। हालांकि पहले बीजेपी विधायकों को चुनाव न लड़ाने के पक्ष में थी। धार से बीजेपी के छतर सिंह दरबार चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं तो उनके खिलाफ कांग्रेस ने दिनेश गिरवाल टिकट दिया है।

बिहार 

अंतिम चरण में बिहार की आठ सीटों पर मतदान होना है। इस चरण में 1.52 करोड़ मतदाता 157 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। इस बार आठ सीटों में 20 महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में ताल ठोक रही हैं। सर्वाधिक 35 उम्मीदवार नालंदा लोकसभा क्षेत्र में किस्मत आजमा रहे हैं तो सबसे कम आरा में 11 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

पटना साहिब सीट से बीजेपी के प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद मैदान में हैं तो उनके खिलाफ बीजेपी के बागी और कांग्रेस के प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा फिर चुनावी मैदान में हैं। सिन्हा यहां से मौजूदा सांसत हैं। इस चरण में बिहार में तीन और केन्द्रीय मंत्रियों की किस्तम दांव पर लगी हुई है। इसमें रामकृपाल यादव पाटलिपुत्र से, अश्विनी चौबे बक्सर और आरके सिंह आरा चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं।

पाटलिपुत्र सीट रामकृपाल यादव के खिलाफ राजद प्रमुख लालू प्रसाद की बेटी मीसा भारती चुनाव लड़ रही हैं। तो काराकाट लोकसाभ सीट से रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा चुनावी मैदान में हैं तो सासाराम से कांग्रेस नेता मीरा कुमार चुनावी मैदान में हैं और उनके खिलाफ बीजेपी ने मौजूदा सांसद छेदी पासवान को मैदान में उतारा है।

हिमाचल 

पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश की चार सीटों में अंतिम चरण में मतदान हो रहा है। शिमला, मंडी, हमीरपुर और कांगड़ा सीटों पर 45 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां पर सीधा मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच में है। शिमला में बीजेपी ने सुरेश कश्यप को और कांग्रेस के कर्नल धनी राम शांडिल को टिकट दिया है जबकि मंडी सीट पर बीजेपी के सांसद रामस्वरूप के खिलाफ पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुखराम के पोते आश्रय शर्मा कांग्रेस के प्रत्याशी हैं।

वहीं हमीरपुर से बीजेपी के तीन बार के सांसद अनुराग ठाकुर मैदान में हैं तो कांग्रेस ने उनके खिलाफ तीन बार से हार रहे रामलाल ठाकुर को टिकट दिया है। वहीं कांगड़ा से शांता कुमार के शिष्य कहे जाने वाले किशन कपूर को बीजेपी ने टिकट दिया है वह राज्य सरकार में मंत्री भी हैं। जबकि कांग्रेस ने विधायक पवन काजल पर दांव खेला है।

झारखंड 

अंतिम चरण में झारखंड की तीन सीटों पर मतदान हो रहा है। इसमें दुमका, गोड्डा और राजमहल शामिल है। दुमका से झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष शिबू सोरेन दुमका से चुनाव मैदान में हैं।

चंडीगढ 

चंडीगढ़ की एकमात्र सीट पर सीधा मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच में है। यहां से बीजेपी ने फिर से मौजूदा सांसद किरण खेर को टिकट दिया है तो कांग्रेस ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री पवन बंसल को टिकट दिया है। जो चार सांसद रह चुके हैं।

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर आज ही मतदान हो रहा है। यहां पर वाराणसी से बीजेपी ने पीएम नरेंद्र मोदी को मैदान में उतारा है तो कांग्रेस ने अजय राय को टिकट दिया है। जबकि एसपीबीएसपी ने शालिनी यादव को मैदान में उतारा है। हालांकि पिछली दल पीएम मोदी से कोसों दूर हैं। जबकि गुरू गोरखनाथ की नगरी गोरखपुर में बीजेपी ने फिल्म अभिनेता रविकिशन को टिकट दिया है जबकि एसपी बीएसपी गठबंधन ने रामभुआल निषाद को मैदान में उतारा है।

गाजीपुर में संचार व रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा मैदान में हैं तो गठबंधन ने माफिया डॉन मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी को मैदान में उतारा है। चंदौली सीट से बीजेपी ने फिर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय टिकट दिया है तो गठबंधन ने उनके खिलाफ संजय चौहान को मैदान में उतारा है तो कांग्रेस से पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा की पत्नी शिवकन्या कुशवाहा टिकट दिया है। जबकि कुशीनगर से बीजेपी ने विजय दुबे को उम्मीदवार बनाया है। तो उनके खिलाफ कांग्रेस के आरपीएन सिंह मैदान में हैं।

जबकि गठबंधन ने नथुनी प्रसाद कुशवाहा टिकट देकर दोनों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। घोसी लोकसभा सीट में बीजेपी ने मौजूदा सांसद हरिनारायण राजभर तो गठबंधन ने अतुल राय को मैदान में उतारा है। फिलहाल अतुल राय गायब हैं क्योंकि उनके सुप्रीम कोर्ट ने बेल नहीं दी है। मीरजापुर में केंद्रीय मंत्री और अपना दल (सोनेलाल) की उम्मीदवार अनुप्रिया पटेल मैदान में हैं तो गठबंधन ने मौजूदा बीजेपी सांसद रामचरित्र निषाद को उतारा है।