नई दिल्ली। केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि परमाणु हमले  को लेकर भारत की संयम की नीति बदल सकती है। फिलहाल अभी भारत ने पहले परमाणु हमला न करने का वादा किया है। लेकिन बदलते वक्त के साथ ये भी बदल सकती है। राजनाथ सिंह का ये बयान काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान लगातार परमाणु हमले और परमाणु ताकत की धमकी देता है। ऐसे में राजनाथ सिंह ने संयम नीति पर बदलाव की बात कह कर पाकिस्तानी सरकार को कड़ी चेतावनी दी है।

इसे संयोग ही कहा जाएगा कि एक बार पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी ने पाकिस्तान से कहा था कि अगर परमाणु युद्ध होता है तो भारत का एक हाथ ही जाएगा। लेकिन पाकिस्तान पूरे विश्व के नक्शे से गायब हो जाएगा और आज उन्हीं अटल बिहारी वाजपेयी की पहली पुण्यतिथि है। उन्हीं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को बड़ी शालीनता के साथ जवाब दिया। उन्होंने पाकिस्तान को परोक्ष तौर से चेतावनी देते हुए कहा कि वह बार बार परमाणु राष्ट्र या परमाणु हमले की बात न करे।

राजनाथ सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि 'नो फर्स्ट यूज'  भारत की परमाणु नीति है लेकिन बदलते समय के साथ क्या परिस्थितियां होती हैं। ये उस बात पर निर्भर करेगा। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रथम पुण्यतिथि के मौके पर आज रक्षामंत्री राजनाथ सिंह पोखरण पहुंचे। पोखरण में भारत ने अपना परमाणु परीक्षण किया था। राजनाथ ने कहा भारत के परमाणु हथियार संपन्न राष्ट्र और वह अपनी जिम्मेदारी बखूबी समझता है।

ये देश के हर नागरिक का गौरव है और अटलजी की बदौलत ये गौरव देशवासियों को मिला है। गौरतलब है कि मई 1998 में जब अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री थे तब देश ने पोखरण में परमाणु परीक्षण किया था। उस राजनाथ सिंह अटल बिहारी कैबिनेट के सदस्य थे।